Bharat Ratna : भारत के पूर्व गृह मंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न (Bharat Ratna) से सम्मानित किये जाने पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वह देश के वरिष्ठ नेता हैं और हम उन्हें अपनी शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि केवल एक पार्टी के नेताओं को ही भारत रत्न नहीं मिलना चाहिए कई लोगों ने देश के लिए योगदान दिया है। राय ने कहा कि वह भी भारत में सर्वोच्च सम्मान के पात्र हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांशीराम से लेकर कमलापति त्रिपाठी तक कई लोगों ने देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्हें भी भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। केवल एक पार्टी से जुड़े व्यक्ति भारत रत्न के योग्य नहीं हैं। हम लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किये जाने की खबर का स्वागत करते हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात की जानकारी अपने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे अपने लिए भावुक पल बताया है। पीएम मोदी ने लाल कृष्ण आडवाणी के साथ तस्वीरें साझा कीं और उन्हें भारत रत्न से सम्मानित होने पर बधाई दी। बता दें कि लाल कृष्ण आडवाणी भारत के उप-प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि लाल कृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मैंने उनसे बात की और उन्हें इस योग्य सम्मान के लिए बधाई दी। हमारे समय के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक उनका योगदान भारत के विकास के लिए अविस्मरणीय है। जमीनी स्तर पर काम से शुरू होकर हमारे उपप्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने की उनकी यात्रा उल्लेखनीय है। उन्होंने गृह मंत्री और सूचना और प्रसारण मंत्री के रूप में अपनी पहचान स्थापित की। उनके संसदीय हस्तक्षेप हमेशा उल्लेखनीय रहे हैं और गहन अंतर्दृष्टि से भरे रहे हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए आडवाणी के योगदान को याद करते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की बात बताई। एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन को आडवाणी जी की दशकों की सेवा, पारदर्शिता और राजनीतिक नैतिकता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता, एक अद्वितीय मानक की स्थापना से चिह्नित किया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान की दिशा में अद्वितीय प्रयास किए। यह मेरे लिए बहुत भावुकता का क्षण है कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। मैं इसे हमेशा भाग्यशाली मानूंगा कि मुझे उनके साथ बातचीत करने और उनसे सीखने के कई अवसर मिले।


