Fatehpur : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक लड़की की हत्या के मामले का खुलासा हुआ है, जिसमें पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, लड़की को किडनैप करने के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और आलाकत्ल भी बरामद किया है।
मृतका और आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतका अपने प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन प्रेमी शादी के लिए तैयार नहीं था, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पहले प्रेमिका का किडनैप किया और फिर गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। शव को नाले में फेंकने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
मृतका के परिजनों ने नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंची और हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। घटना जिले के ललौली थाना क्षेत्र के लोहरगढ़वा की है, जहां भगवानदीन की 25 वर्षीय पुत्री सरिता देवी की हत्या की गई थी।
31 अगस्त की सुबह सरिता देवी का शव घटवापार नाले में मिला था। इसके बाद एसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए टीमों का गठन किया गया। आरोपी अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने साथी लाल सिंह निषाद की मदद से सरिता का कत्ल करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल चाकू, मोबाइल व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।


