Ghazipur News : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले (Ghazipur News) में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में दस लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जगह पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मची हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई बस शादी समारोह में शामिल लोगों से भरी हुई थी। सूत्रों के मुताबिक यहां एक निजी बस में आग लग गई। हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आने से बस हादसा हुआ। आग में करीब दस लोगों की मौत हो गई है हालांकि आधिकारिक पुष्टि बाकी है। बस मौन से एक शादी समारोह में जा रही थी। करीब 400 मीटर दूर मरदह थाने के पास एचटी तार के संपर्क में आने से बस में आग लग गई।
गुस्साए लोग घटनास्थल पर पथराव कर रहे हैं। पुलिस भी मौके पर मौजूद है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गये हैं। एसपी ने बताया कि गाड़ी जिले से बाहर है। यह घटना कैसे घटी इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल हताहतों की संख्या का पता लगाना मुश्किल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग़ाज़ीपुर हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उनका उचित इलाज कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।


