Gonda : पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ऊपर लगे यौन शोषण के आरोपों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति का चरित्र हनन कर दिया जाए, तो यह उसके जीवन को समाप्त करने से भी बुरा है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने वाले सभी लोग बर्बाद हो जाएंगे। बृजभूषण ने कहा कि उनके पास उन लोगों की सूची है, जिन्होंने इस साजिश में भूमिका निभाई है, और वे प्रकृति व ईश्वर के न्याय का सामना करेंगे।
राहुल गांधी द्वारा मनुस्मृति पर की गई टिप्पणी को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि समाज की व्यवस्थाएं समय के साथ बदलती रहती हैं। उन्होंने मनु, चाणक्य और विदुर की शिक्षाओं का उदाहरण देते हुए बताया कि हर युग की परिस्थितियों के अनुसार व्यवस्थाएं बदलती हैं। उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि पहले उन्हें यह समझना चाहिए कि मनु कब जन्मे थे और उस समय की सामाजिक स्थिति क्या थी।
कैसरगंज के पूर्व सांसद ने कहा कि वर्तमान में मनुस्मृति की कई व्यवस्थाएं उपयुक्त नहीं हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि उसे पूरी तरह से खारिज किया जाए। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें बिना ऐतिहासिक तथ्यों को समझे समाज की आलोचना करने से बचना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मनु के समय हिंदू और मुसलमान का अस्तित्व था, और क्या उस समय किसी धर्म विशेष का विरोध किया जाता था?
ये भी देखेंं : Manipur CM के इस्तीफे पर Jairam Ramesh ने Amit Shah पर साधा निशाना
दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की लगातार हार पर बृजभूषण शरण सिंह ने कटाक्ष किया कि राहुल गांधी को आलोचना करने दीजिए, क्योंकि जनता लगातार उन्हें झटके दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दिल्ली में दुर्गति इस बात का प्रमाण है कि उनकी नीतियां और विचारधारा जनता से दूर हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गलत विचारधारा के लोगों से सलाह ले रहे हैं, जिससे उनकी राजनीति कमजोर होती जा रही है।