Gorakhpur : गोरखपुर में एक महिला ने डॉक्टर की पत्नी पर उसे और उसके परिवार को परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने एसपी से मदद की गुहार लगाते हुए बताया कि डॉक्टर की पत्नी उसके और उसके भाई-बहन को लगातार अश्लील संदेश भेज रही है। पहले इस मामले में समझौता भी हुआ था, लेकिन डॉक्टर की पत्नी ने फिर से वही हरकतें शुरू कर दीं, जिससे उनका परिवार डरा हुआ है।
डॉक्टर ने इस मामले में कहा कि उनकी पत्नी अक्सर ऐसी हरकतें करती हैं। डॉक्टर ने बताया कि वह और उनकी पत्नी पिछले 12 साल से अलग रह रहे हैं। डॉक्टर का दावा है कि उनकी पत्नी का मकसद सिर्फ समाज में उनकी छवि को खराब करना है और उनका उससे कोई संबंध नहीं है।
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत हैं। शाहपुर की रहने वाली पीड़ित महिला ने एसपी सिटी को प्रार्थना पत्र देकर डॉक्टर की पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला ने लिखा कि डॉक्टर की पत्नी उसे और उसके भाई-बहन को अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रही है। महिला ने बताया कि 6 दिसंबर को उसने डॉक्टर से इस मामले की शिकायत की। तब डॉक्टर ने बताया कि उनकी पत्नी इसी तरह दूसरों को परेशान करती है और उनकी सामाजिक छवि को खराब करने की कोशिश करती है।
महिला ने यह भी बताया कि उसने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज की थी, जिसके बाद पुलिस ने डॉक्टर और उनकी पत्नी को थाने बुलाया। डॉक्टर ने सुलहनामा लिखकर मामले को खत्म कराया। लेकिन कुछ समय बाद डॉक्टर की पत्नी ने फिर से गंदे संदेश भेजने शुरू कर दिए। इस वजह से पूरा परिवार डरा और परेशान है।
फिलहाल महिला की शिकायत पर एसपी ने पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए हैं और इस पर कार्रवाई जारी है।