ICC Chairman : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के नए चेयरमैन का नाम अब स्पष्ट हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह को आईसीसी का नया चेयरमैन निर्विरोध चुना गया है। वे ग्रेग बार्कले की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है। बार्कले ने हाल ही में चेयरमैन पद की दौड़ से अपने आप को बाहर कर लिया था। जय शाह 1 दिसंबर से अपने पद का कार्यभार संभालेंगे और वे आईसीसी के सबसे कम उम्र के चेयरमैन होंगे।
इस नियुक्ति के साथ ही भारत का आईसीसी में प्रभाव बढ़ गया है। शाह आईसीसी के पांचवे भारतीय चेयरमैन होंगे। इससे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन, और शशांक मनोहर इस पद पर रह चुके हैं। माना जा रहा है कि शाह को आईसीसी बोर्ड के 16 में से 15 सदस्यों का समर्थन प्राप्त था। मंगलवार (27 अगस्त) को चेयरमैन पद के लिए नामांकन की आखिरी तारीख थी। आईसीसी चेयरमैन को दो-दो साल के तीन कार्यकाल के लिए पात्रता मिलती है, और न्यूजीलैंड के बार्कले ने अब तक चार साल पूरे किए हैं।
आईसीसी के चुनाव नियमों के अनुसार, चेयरमैन पद के लिए 16 वोट होते हैं और विजेता के लिए 9 वोट का साधारण बहुमत आवश्यक होता है। पहले, चेयरमैन बनने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती थी। शाह आईसीसी बोर्ड में एक प्रमुख भूमिका निभा चुके हैं और वे फिलहाल आईसीसी की शक्तिशाली वित्त और वाणिज्यिक मामलों की उप समिति के अध्यक्ष हैं, एक पद जो उन्होंने 2022 में संभाला था।
जय शाह को अब बीसीसीआई सचिव के पद को छोड़ना होगा, जिस पर वे 2019 से हैं। बीसीसीआई की आमसभा की बैठक अगले महीने या अक्तूबर में होनी है। बीसीसीआई सचिव के रूप में शाह के पास अभी एक साल का कार्यकाल बाकी है। आईसीसी में शामिल होने के बाद, शाह के लिए बीसीसीआई में पुनः प्रवेश के लिए अनिवार्य तीन साल की ‘कूलिंग ऑफ पीरियड’ अक्टूबर 2025 में शुरू होगी, जब उनका बीसीसीआई का कार्यकाल समाप्त होगा। बीसीसीआई के संविधान के अनुसार, कोई भी पदाधिकारी तीन साल की कूलिंग ऑफ अवधि से पहले छह साल तक पद पर रह सकता है, और कुल 18 वर्षों तक पद पर रह सकता है।


