Jaunpur : जौनपुर के लाइनबाजार क्षेत्र के शिवापार गांव में मंगलवार की सुबह एक युवक को बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया जबकि दूसरा युवक भागकर फुट ओवरब्रिज पर चढ़ गया। पकड़े गए युवक की पिटाई के बाद पुलिस को बुलाकर उसे उनके हवाले कर दिया गया। इस घटना के बाद फुट ओवरब्रिज पर चढ़े युवक को उतारने के लिए पुलिस ने प्रयास शुरू किया।
पुलिस ने पहले लाउडस्पीकर से युवक से नीचे आने की अपील की लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था। पुलिस ने फिर फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया और फायरकर्मियों को ब्रिज पर चढ़ाने की कोशिश की। जब फायरकर्मी एक तरफ से चढ़ते युवक दूसरी तरफ भाग जाता और जब दूसरी तरफ से चढ़ते तो युवक बीच में आ जाता।
भी देखें : Breaking News : संतों और VHP ने गृह मंत्री Amit Shah से की मुलाकात | Latest news |
इस खेल के कारण पुलिस को युवक को पकड़ने में कठिनाई हो रही थी। सुरक्षा के मद्देनजर नीचे दो ट्रक तिरपाल से ढककर खड़े किए गए और जाली भी लगाई गई ताकि गिरने पर युवक को चोट न लगे। आठ घंटे तक पुलिस और युवक के बीच पकड़म-पकड़ी का खेल चलता रहा। अचानक शुरू हुई बारिश ने इस खेल को विराम दे दिया।
बारिश के कारण युवक फिसल गया और करीब 100 फीट नीचे सड़क पर गिर पड़ा। घटना स्थल पर उसकी मौत हो गई। यह स्पष्ट नहीं है कि युवक बारिश के कारण फिसलकर गिरा या उसने परेशान होकर कूदने का फैसला किया। लंबे समय तक बिना भोजन और पानी के ऊपर चढ़े रहने की स्थिति में युवक गश खाकर भी गिर सकता है। पुलिस इस घटना के संदर्भ में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के प्रयास में है।


