Lok Sabha Election 2024 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर पहुंचे हैं। दोपहर 12:25 बजे सीएम योगी का हेलीकॉप्टर गंगोह में उतरा। इसके बाद सीएम योगी मंच पर पहुंचे। सीएम के पहुंचते ही पंडाल ‘योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। इस बीच लोग अपनी सीटों से उठकर ‘योगी-योगी’ का नारा लगाने लगे।
सीएम योगी ने पहले हाथ जोड़े और फिर हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन किया। नवनिर्मित गंगोह मंडी सभा स्थल पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ की और फिर ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने देवी शाकुंभरी और देवी बाला सुंदरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सहारनपुर विकास की धारा से जुड़कर विकसित भारत का सपना पूरा कर रहा है। दिल्ली और देहरादून के बीच ग्रीन एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है। इस विकास की गति को बरकरार रखने की जरूरत है। सहारनपुर पर मां गंगा और यमुना की कृपा है। यहां के किसान और हस्तशिल्प और कारीगरी दूर-दूर तक मशहूर है।
सपा, बसपा और कांग्रेस के शासनकाल में यहां का किसान आत्महत्या करने को मजबूर था। युवा पलायन करने को मजबूर हो गये। बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। उन्होंने कहा कि उन्हें याद है जब सहारनपुर को सांप्रदायिक उन्माद का केंद्र बना दिया गया था। जब कांवर यात्रा पर प्रतिबंध था, तब कोई जातिवादी संगठन नहीं आता था।
सब चुप रहते थे। अब सहारनपुर विकास की नई कहानी लिख रहा है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में माफिया सिर उठाकर घूमते थे। छोटी-छोटी बातों पर दंगे हो जाते थे। अब दंगे भड़काने वाले खुद कहते हैं कि हम दंगा नहीं करेंगे। अगर वे दंगे भड़काते हैं तो उन्हें पकड़ लिया जाता है, उल्टा कर दिया जाता है और मिर्च का छौंका लगा दिया जाता है।
ये भी देखें : डिंपल के खिलाफ भाजपा ने उतारा अपना उम्मीदवार, जानिए कौन है जयवीर सिंह | UP News |