Mahakumbh 2025 : एप्पल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन इन दिनों भारत में हैं और महाकुंभ 2025 में शामिल होने के लिए यहां पहुंची हैं। शुक्रवार को उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर का दौरा किया, लेकिन उन्हें मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश और शिवलिंग को छूने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बजाय, उन्होंने बाहर से ही भगवान को प्रणाम किया।
स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर के नियमों के अनुसार गैर-हिंदुओं को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं है, और इसी परंपरा का पालन किया गया। महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि ने इस निर्णय के पीछे सनातन धर्म के नियमों का हवाला दिया और कहा कि परंपराओं का पालन कराना उनका कर्तव्य है।
लॉरेन ने इन परंपराओं का सम्मान किया और दूर से भगवान को प्रणाम किया। महाराज ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य परंपराओं और धार्मिक सिद्धांतों की मर्यादा बनाए रखना है। लॉरेन पॉवेल, जो दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में से एक हैं, महाकुंभ 2025 में कल्पवास करने आई हैं। इस दौरान वे साधु-संतों के साथ रहेंगी, उनकी दिनचर्या का पालन करेंगी, और भारतीय संस्कृति को गहराई से जानेंगी। कल्पवास के लिए उन्हें नया नाम “कमला” दिया गया है। वह निरंजनी अखाड़े की 40 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं और उन्हीं के साथ कल्पवास करेंगी।
स्वामी कैलाशानंद गिरि ने लॉरेन की धार्मिकता और भारतीय परंपराओं के प्रति उनके सम्मान की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि लॉरेन के मंदिर दौरे को लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि लॉरेन उन्हें पिता और गुरु के रूप में सम्मान देती हैं, और भारतीय परंपराओं को अपनाने की उनकी उत्सुकता प्रेरणादायक है।


