Mahakumbh 2025 : 13 जनवरी से महाकुंभ की शुरुआत होने जा रही है, जिसमें करोड़ों लोग आस्था की डुबकी लगाने प्रयागराज पहुंचेंगे। इस भारी भीड़ को संभालने के लिए सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं। लोगों के ठहरने के लिए होटल, कॉटेज और गेस्ट हाउस की बुकिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि, इसी बीच साइबर अपराधी फर्जी वेबसाइट और लिंक के जरिए लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। बुकिंग के नाम पर ये अपराधी लोगों के अकाउंट से पैसे उड़ा सकते हैं।
इस खतरे को लेकर यूपी पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक अवेयरनेस वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि साइबर अपराधी कैसे कम पैसों में आकर्षक सुविधाओं का लालच देकर लोगों को फर्जी बुकिंग के जाल में फंसा रहे हैं। वीडियो में यह भी चेतावनी दी गई है कि इन ठगों से सतर्क रहें और ठहरने की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट के जरिए करें।
वीडियो के अंत में बॉलीवुड एक्टर संजय मिश्रा भी नजर आते हैं, जो सही तरीके से बुकिंग करने की जानकारी देते हैं। वे कहते हैं, “साइबर अपराधियों से बचने के लिए केवल ऑफिशियल वेबसाइट kumbh.gov.in का उपयोग करें। वहां आपको सभी होटल्स, गेस्ट हाउस और कॉटेज की सूची मिलेगी, जिसमें से आप अपनी पसंद की जगह बुक कर सकते हैं।”
यूपी पुलिस ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर इस वीडियो को साझा करते हुए लोगों को आगाह किया है। उन्होंने लिखा, “महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाएं, लेकिन साइबर स्कैम से बचें! सिर्फ पंजीकृत वेबसाइट से बुकिंग कराएं।” पुलिस ने प्रयागराज महाकुंभ में अधिकृत ठहरने की जगहों की सूची का लिंक भी शेयर किया है, जिसे डाउनलोड कर आप अपनी बुकिंग सुरक्षित कर सकते हैं।


