Noida : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार जैगुआर कार ने 14 वर्षीय छात्र को टक्कर मार दी। यह हादसा स्टेलर जीवन सोसाइटी के पास हुआ। टक्कर के बाद छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल छात्र के पिता ने घटना की शिकायत बिसरख थाने में दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे 14 वर्षीय नीरज स्टेलर जीवन सोसाइटी के पास सर्विस रोड पर दौड़ रहा था, तभी तेज रफ्तार जैगुआर कार (नंबर UP16CH 9861) ने उसे जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। नीरज को सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि घायल छात्र की हालत गंभीर है, और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।
ये भी देखें : CM Atishi का बड़ा दावा, “BJP Ramesh Bidhuri को CM पद का चेहरा बानाएगी!”
छात्र के पिता ने बताया कि उनका बेटा सुबह रनिंग के लिए निकला था, जब तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही जैगुआर कार ने पीछे से टक्कर मारी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लिया और गाड़ी को सीज कर दिया है। इस घटना में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इस तरह के सड़क हादसे लगातार हो रहे हैं, जिनमें अधिकतर घटनाएं तेज रफ्तार और लापरवाही का नतीजा हैं। पुलिस और प्रशासन की कोशिशों के बावजूद ऐसे हादसे थम नहीं रहे हैं। इन मामलों को रोकने के लिए कड़े कानूनों और सख्त रणनीतियों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।


