Prayagraj : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (Prayagraj) जिले के सरायममरेज गांव में रविवार रात एक चौंकाने वाली घटना घटी। यहां तीन लोगों ने घर के बाहर सो रही 25 वर्षीय महिला को मुंह दबाकर खींच लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो उसे रॉड से पीटा गया। उसके भाई का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी प्राइवेट पार्ट में सरिया से भी चोट पहुंचाई।
पीड़िता का कहना है कि उसके जेठ ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर यह घिनौना कृत्य किया। पुलिस ने जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता पिछले साल से अपने मायके में रह रही थी। उसकी शादी चार साल पहले हुई थी और शादी के बाद से उसे ससुराल में प्रताड़ित किया गया और अंततः घर से निकाल दिया गया। कई बार समझाने की कोशिशों के बावजूद उसे वापस नहीं लिया गया।
रात के समय, जब परिवार के लोग खाना खाकर सो गए थे, पीड़िता दरवाजे पर चारपाई पर सो रही थी जबकि अन्य लोग बरामदे में थे। एक बजे के आसपास तीन लोग आए, उन्होंने महिला का मुंह दबाकर दुपट्टे से उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसे खींचकर 200 मीटर दूर स्थित स्कूल के पीछे ले गए। वहां उन्होंने उसे रॉड से पीटा और दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसके प्राइवेट पार्ट में सरिया से भी चोट लगाई गई।
ये भी देखें : Yogi Adityanath News : अखिलेश- शिवपाल पर CM योगी का तंज | Breaking News | CM Yogi | Akhilesh Yadav |
ये भी पढ़ें : UP Weather Update : जानिए यूपी में 19 से 24 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
लहूलुहान महिला को छोड़कर आरोपी भाग गए। सुबह करीब छह बजे गांव के लोग शौच के लिए गए और घायल महिला को देख परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने सूचना दी और डायल 112 तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को पहले सीएचसी ले जाया गया, फिर एसआरएन भेजा गया, जहां से उसे डफरिन अस्पताल भेजकर मेडिकोलीगल जांच कराई गई और बाद में फिर से एसआरएन लाकर भर्ती किया गया।
डीसीपी गंगानगर (Prayagraj) अभिषेक भारती ने बताया कि महिला के भाई ने बताया कि वारदात उसके जेठ मोतीलाल उर्फ भुंवर पटेल ने दो साथियों के साथ मिलकर की। मेडिकल रिपोर्ट के आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जेठ को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
महिला के भाई ने बताया कि उसका पति उसे साथ रखने के लिए तैयार है, लेकिन जेठ इसका विरोध करता है और उसे और उसके भाई को डराता-धमकाता है। उसे उसकी बहन के पति की संपत्ति पर नजर है। भाई ने कहा कि महिला के हाथ-पैर और प्राइवेट पार्ट में चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उसकी हालत को खतरे से बाहर बताया है। हालांकि वह अभी ठीक से बोल नहीं पा रही है।


