Sambhal : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में भगवान श्रीराम की 51 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा का निर्माण पूरा हो चुका है। यह प्रतिमा भगवान कल्कि की प्रकटस्थली के रूप में प्रसिद्ध संभल के चंदौसी क्षेत्र में बनाई गई है। अयोध्या के राम मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा दिवस के अवसर पर 22 जनवरी को इस प्रतिमा का उद्घाटन किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने की संभावना है। प्रतिमा के निर्माण का कार्य पिछले एक साल से चल रहा था और इसके पूरा होने पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने शुभकामनाएं दी हैं।
भगवान श्रीराम की इस प्रतिमा का निर्माण चंदौसी के रामबाग में स्थित रामबाग ट्रस्ट ने करवाया है। ट्रस्ट ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पत्र लिखकर इस पौराणिक और धार्मिक प्रतिमा के निर्माण के बारे में जानकारी दी। ट्रस्ट ने बताया कि यह प्रयास संभल को प्राचीन और धार्मिक स्वरूप में पुनर्स्थापित करने का हिस्सा है। ट्रस्ट ने भगवान श्रीराम की 51 फीट से अधिक ऊंची प्रतिमा बनाकर चंदौसी की धार्मिक पहचान को और समृद्ध करने का काम किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ट्रस्ट को बधाई पत्र भेजा है। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति और अस्मिता के प्रतीक हैं। वे मानवीय मूल्यों के संरक्षक और गृहस्थों के आदर्श हैं। भगवान राम का जीवन और आचरण सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्यपाल ने भी इस ऐतिहासिक निर्माण के लिए ट्रस्ट की सराहना की।
ट्रस्ट के पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि इस प्रतिमा में भगवान श्रीराम की मुद्रा इसे विशेष बनाती है। भगवान के एक हाथ में धनुष-बाण है, जबकि दूसरा हाथ आशीर्वाद की मुद्रा में है। यह प्रतिमा उत्तर भारत में सबसे ऊंची और विशाल है। प्रतिमा के पास एक अशोक वाटिका का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसमें सीता माता की प्रतिमा स्थापित होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाकुंभ के शुभारंभ के बाद इस प्रतिमा का अनावरण कर सकते हैं।


