Sambhal News : बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने संभल की शाही जामा मस्जिद विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप की मांग की है। यह मामला (Sambhal News) तब सुर्खियों में आया जब कोर्ट के आदेश पर मस्जिद में रातभर सर्वे कराया गया।
मायावती का बयान
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि संभल की शाही जामा मस्जिद को लेकर अचानक विवाद, सुनवाई और फिर आपाधापी में सर्वे की खबरें राष्ट्रीय चर्चा का विषय हैं। इससे सद्भाव और माहौल बिगड़ने का खतरा है। इस पर सरकार और माननीय सुप्रीम कोर्ट को जरूर संज्ञान लेना चाहिए।
जुमे की नमाज को लेकर निर्देश
शाही जामा मस्जिद में जुमे की नमाज दोपहर 1:30 बजे अदा की जाएगी। मस्जिद कमेटी ने लोगों से अपील की है कि वे अपने-अपने मोहल्लों की मस्जिदों में ही नमाज अदा करें और शाही जामा मस्जिद में भीड़ न लगाएं। कमेटी ने नमाजियों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जुमे की नमाज के मद्देनजर मस्जिद के बाहर पुलिस और पीएसी की कड़ी सुरक्षा तैनात है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।


