UP News : यूपी की योगी सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें 26 चिकित्सकों को बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई डॉक्टरों की ड्यूटी के प्रति लापरवाही और लगातार गैर हाजिर रहने के कारण की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये डॉक्टर बार-बार ड्यूटी से अनुपस्थित रहते थे। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि लापरवाह लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं।
बर्खास्त किए गए डॉक्टरों में जालौन, बरेली, मैनपुरी, सिद्धार्थनगर, ललितपुर, बलिया, बस्ती, रायबरेली, मथुरा, फिरोजाबाद, बहराइच, सहारनपुर और शाहजहांपुर के चिकित्सक शामिल हैं। इसके साथ ही, स्वास्थ्य महानिदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर तैनात डॉक्टर नीना वर्मा से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। इसके अतिरिक्त, तीन डॉक्टरों की दो-दो वेतन वृद्धियां दो साल के लिए रोकी गई हैं और एक को परिनिंदा प्रविष्टि दी गई है।


