Rampur : रामपुर में आजम खान की सीट को लेकर समाजवादी पार्टी (एसपी) में बड़ा उलटफेर हुआ है। सपा की जिला इकाई ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है। रामपुर में पहले चरण में मतदान होना है। बुधवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। अभी तक सपा ने यहां से कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
इस बीच मंगलवार दोपहर को रामपुर (Rampur) में सपा जिला अध्यक्ष अजय सागर ने सभी को चौंकाते हुए लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान कर दिया। उन्होंने दावा किया कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां की इच्छा के अनुरूप प्रत्याशी घोषित न करने के फैसले के कारण सपा ने रामपुर में लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। सपा नेताओं के इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जिला इकाई ने पहले चर्चा की और फिर रामपुर में लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया। शाम पांच बजे जिला अध्यक्ष अजय सागर, पूर्व प्रत्याशी आसिम राजा, विधायक नासिर खान समेत अन्य नेताओं ने मीडिया से बात की और चुनाव बहिष्कार का एलान कर दिया। जिला अध्यक्ष ने मीडिया को बताया कि आजम खान के निर्देश पर रामपुर की जिला इकाई लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर रही है।
ये भी देखें : Holi 2024 : “मोदी जी खोया हैं, योगी जी ड्राई फ्रूट हैं” लखनऊ के गजब होली..
उन्होंने कहा कि रामपुर से टिकट पर अभी तक कोई फैसला नहीं होने के कारण आजम ने यह कदम उठाया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि रामपुर से कौन चुनाव लड़ेगा इसका फैसला सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को करना चाहिए। मालूम हो कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी आजम खान ने बहिष्कार का ऐलान किया था लेकिन बाद में खुद चुनाव लड़ा था।
इस बार उन्होंने अखिलेश यादव से रामपुर से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया है, लेकिन इस फैसले में देरी के कारण आजम खान नाराज बताए जा रहे हैं। इस बीच अखिलेश यादव के भतीजे और लालू यादव के दामाद तेज प्रताप यादव की एंट्री की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। रामपुर में समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने पहले ही इसका विरोध शुरू कर दिया था।
ये भी पढ़ें : Holi Bhai Dooj 2024 : कब है होली भाई दूज? जानिए तिलक और पूजा अनुष्ठान करने का शुभ समय


