Akhilesh Yadav : उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने आज महाकुंभ के पवित्र स्नान में भाग लिया और संगम में आस्था की डुबकी लगाई। लखनऊ से सीधे प्रयागराज पहुंचे अखिलेश यादव ने संगम में 11 डुबकियां लीं, जिनके पीछे एक खास धार्मिक मान्यता थी।
अखिलेश यादव ने बताया कि कई प्रमुख संतों से उन्हें जानकारी मिली थी कि 11 डुबकी विशेष रूप से पुण्यकारी मानी जाती हैं और यही कारण था कि उन्होंने महाकुंभ के इस शुभ अवसर पर 11 डुबकियां लगाई। उन्होंने कहा, मुझे यह अवसर प्राप्त हुआ है और मैंने 11 डुबकियां इस आस्था के साथ ली।
महाकुंभ के स्नान के दौरान अपनी कामनाओं का भी किया जिक्र
सपा प्रमुख ने महाकुंभ के स्नान के दौरान अपनी कामनाओं का भी जिक्र किया। पूछे जाने पर कि उन्होंने संगम में स्नान करते समय क्या कामना की, तो अखिलेश यादव ने बताया कि, आज 26 जनवरी है, गणतंत्र दिवस है, मैं कामना करता हूं कि हमारे देश में सौहार्द, सद्भावना और समाज में सहनशीलता बनी रहे। महाकुंभ के आयोजन पर अखिलेश यादव ने अपनी राय रखते हुए कहा कि यह महाकुंभ एक विशाल धार्मिक आयोजन है, जहां हर कोई अपनी आस्था से आता है। उन्होंने यह भी कहा कि, यह पौराणिक परंपरा है, और यहां कोई बुलाने या न्योता देने से नहीं आता। लोग अपनी आस्था से यहां आते हैं।
इसके साथ ही अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कुंभ में आने वाली भीड़ के बारे में भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुंभ में लोग हर 12 साल बाद आते हैं, और इस बार भी पहले जितने ही लोग आए होंगे, केवल जनसंख्या बढ़ी है, इसलिए थोड़ा अधिक लोग आ गए होंगे। अखिलेश ने यह सवाल भी उठाया कि गिनती करने की तकनीक क्या है, क्योंकि पहले दावा किया जा रहा था कि उतने लोग आए थे, लेकिन इस बार संख्या में वृद्धि होने का दावा किया जा रहा है।
ये भी देखें : Akhilesh Yadav on CM Yogi: अखिलेश यादव ने साधा विपक्ष पर निशाना |


