Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी के बयान पर तीखा पलटवार किया है। बुधवार को लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने बुलडोजर राजनीति पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “बुलडोजर के पास दिमाग नहीं होता, वह सिर्फ स्टेयरिंग से चलता है। जनता कब स्टेयरिंग बदल दे, कोई नहीं जानता।” अखिलेश ने मुख्यमंत्री के उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि “बुलडोजर चलाने के लिए दिल और दिमाग दोनों की जरूरत होती है।”
अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, “दिल्ली वाले कब स्टेयरिंग बदल दें, कोई नहीं जानता।” उनका इशारा इस बात की ओर था कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के हाथ में सत्ता कितनी भी मजबूत क्यों न दिखे, उसका नियंत्रण जनता के हाथ में है, जो कभी भी सत्ता परिवर्तन कर सकती है।
सीएम योगी का बयान
सीएम योगी ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था, “बुलडोजर पर हर एक का हाथ फिट नहीं हो सकता। इसके लिए दिल और दिमाग दोनों चाहिए। जिसमें बुलडोजर जैसी क्षमता और दृढ़ प्रतिज्ञा हो, वही बुलडोजर चला सकता है। दंगाइयों के सामने नाक रगड़ने वाले लोग बुलडोजर के सामने वैसे ही पस्त हो जाएंगे।”
बुलडोजर का रुख गोरखपुर की तरफ मोड़ने पर सफाई
अपने एक पुराने बयान के बारे में सफाई देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि सत्ता में आने पर बुलडोजर का रुख गोरखपुर की तरफ मोड़ देंगे, अखिलेश यादव ने कहा, “इसमें गलत क्या है? जितनी भी गैर कानूनी इमारतें बनी हैं, उन पर बुलडोजर क्यों नहीं चलाया जा रहा है? लखनऊ के होटल में आग लगी थी तब क्या बुलडोजर की चाबी खो गई थी?”
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के इस बयान से साफ है कि वह योगी सरकार की ‘बुलडोजर राजनीति’ पर सवाल उठा रहे हैं और इसे एकतरफा और पक्षपाती कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि अदालत ने इस पर जो आदेश दिया है, उसके बाद अब बुलडोजर की कार्रवाई को जारी रखना संविधान के खिलाफ होगा।
ये भी पढ़ें : Siddharthnagar News : घरेलू कलह के बीच युवती का सर कूंच कर की भाई और पिता ने हत्या
इस तीखे संवाद से साफ है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में बुलडोजर की भूमिका को लेकर दोनों नेताओं के बीच खींचतान जारी है, और यह मुद्दा आगामी चुनावों में भी अहम भूमिका निभा सकता है।


