Aligarh: अलीगढ़ शहर में भीड़ द्वारा कथित तौर पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को छह लोगों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना मंगलवार रात पुराने शहर के मामू-भांजा मोहल्ले में हुई। मृतक की पहचान फरीद (35) के रूप में हुई है। वह एक ढाबे पर काम करता था। पुलिस अधीक्षक (शहर) एम. शेखर पाठक ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के अनुसार, देर रात ढाबे से घर लौट रहा फरीद भीड़ द्वारा घेर लिया गया और उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।
हमलावरों ने फरीद पर चोरी करने के लिए घर में घुसने का आरोप लगाया है। पाठक ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फरीद को मलखान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। उसकी मौत की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में जमा हो गए और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पाठक ने बताया कि अंकित वार्ष्णेय, चिराग वार्ष्णेय, जय गोपाल, कमल बंसल, राहुल मित्तल और डिंपी अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारियां की गईं और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुराने शहर में रेलवे रोड के पास कई जगहों पर दो समुदायों के लोग एकत्र हुए, जिससे इलाके की कुछ दुकानें बंद हो गईं।
ये भी पढ़ें..
लोकसभा चुनाव में हारने के बाद गृहमंत्री शाह से मेनका गांधी ने की मुलाकात, जानिए क्या हैं इसके मायने?
स्थिति को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। इस बीच, शहर विधायक मुक्ता वार्ष्णेय के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई प्रमुख नेताओं ने रेलवे रोड के पास धरना दिया और मांग की कि “मनगढ़ंत सबूतों के आधार पर निर्दोष लोगों को गिरफ्तार न किया जाए।” प्रदर्शनकारी भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद एसपी (सिटी) पाठक ने आश्वासन दिया, “किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जा रहा है और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही गिरफ्तारियां की जा रही हैं।” पुराने शहर के कई इलाकों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।


