अयोध्या-फैजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव जीते अवधेश प्रसाद लगातार चर्चाओं का विषय बने हुए हैं। खुद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, अवधेश प्रसाद को सदन में भी अपने साथ-साथ ही रख रहे हैं। इसी बीच पिछले दिनों सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या-फैजाबाद सीट से सांसद अवधेश प्रसाद को अयोध्या का राजा कह डाला था। बता दें कि सपा प्रमुख के इस बयान को लेकर अयोध्या में काफी गुस्सा देखा गया था और वहां के संतों को भी अखिलेश यादव का ये बयान पसंद नहीं आया था।
अवधेश प्रसाद को अयोध्या का बता दिया था राजा
अपने नेता और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर खुद अवधेश प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी है। सपा सांसद ने खुद को अयोध्या का सेवादार बताया है। सांसद अवधेश प्रशाद का कहना है कि अखिलेश यादव का भाव उनको सिर्फ सम्मान देना था।
दरअसल पिछले दिनों लोकसभा के बाहर समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव ने अयोध्या जनपद की फैजाबाद लोकसभा से सांसद बनने वाले अवधेश प्रसाद को अयोध्या का राजा बता दिया था। सपा मुखिया के इस बयान की अयोध्या से कड़ी प्रतिक्रिया आई थी। यहां इसको लेकर अखिलेश यादव का जमकर विरोध किया गया था।
राजा मां के पेट से पैदा नहीं होता
अब खुद सपा सांसद अवधेश प्रसाद का इस पूरे मामले पर बयान सामने आया है। अवधेश प्रसाद ने अयोध्या जाकर कहा है कि वह सिर्फ सेवक और सेवादार हैं। उनका कहना है कि अखिलेश यादव ने जो कुछ कहा था, उसमें उनका भाव केवल सम्मान देने का था।
इस दौरान सपा सांसद ने ये भी कहा कि अब राजा मां के पेट से पैदा नहीं होता। अब वह ईवीएम से सामने आता है। जब वोट गिने जाते हैं तो सांसद निकलता है, जो प्रधानमंत्री बनता है। दूसरी तरफ अगर विधायक निकलता है, तो वह मुख्यमंत्री भी बन सकता है।