Ayodhya News : अयोध्या में नाबालिग दलित युवती के साथ हुए गैंगरेप के मामले में आरोपी समाजवादी पार्टी नेता मोईद खान और उसके ड्राइवर राजू खान की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को अदालत में पेश की गई डीएनए रिपोर्ट ने इस मामले में नया मोड़ ला दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता के डीएनए का मिलान ड्राइवर राजू खान से हो गया है, जिससे उसकी संलिप्तता की पुष्टि होती है। पुलिस ने मोईद खान और राजू खान के खिलाफ गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के बयान और डीएनए रिपोर्ट का विरोधाभास
हालांकि डीएनए रिपोर्ट में केवल राजू खान के साथ पीड़िता का मिलान हुआ है, लेकिन पीड़िता के लगातार दिए गए बयान मोईद खान की भी संलिप्तता की ओर इशारा कर रहे हैं। पीड़िता ने बार-बार कहा है कि गैंगरेप के दौरान मोईद खान भी शामिल था। उसने अदालत के सामने भी बयान दिया कि इस कृत्य की तस्वीरें और वीडियो भी आरोपियों द्वारा मोबाइल से बनाई गईं थीं, जिससे उसे बाद में ब्लैकमेल किया जाता रहा।
ब्लैकमेल और वीडियो के जरिए बार-बार दुष्कर्म
गैंगरेप की यह घटना अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में हुई थी। नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने उसका वीडियो बना लिया था, जिसके बाद उसे ब्लैकमेल कर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया जाता रहा। यह मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता दो महीने की गर्भवती हो गई और उसने अपनी आपबीती घरवालों को बताई।
सीएम योगी आदित्यनाथ से पीड़िता की मां की मुलाकात
पीड़िता की मां ने 2 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने पीड़िता की मां को न्याय का आश्वासन दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का वादा किया। इसके बाद थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी पर भी कार्रवाई हुई। मोईद खान की संपत्तियों पर बुलडोजर एक्शन लिया गया, जो उसके खिलाफ पहली बार की गई बड़ी कार्रवाई थी। मोईद खान पिछले 20 वर्षों से समाजवादी पार्टी का महत्वपूर्ण सदस्य रहा है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि और धमकियां
इस मामले में अयोध्या नगर (Ayodhya News) कोतवाली में भदरसा नगर पंचायत के चेयरमैन मोहम्मद राशिद पर भी पीड़ित परिवार को धमकाने का आरोप है। राशिद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। राशिद का परिवार मोईद खान से गहरे संबंध रखता है, और राशिद के पिता मोहम्मद अहमद भी मोईद के करीब माने जाते हैं।
मोईद खान की राजनीतिक करियर पर संकट
डीएनए रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के बाद मोईद खान की मुश्किलें और भी बढ़ती दिख रही हैं। पिछले 20 वर्षों से समाजवादी पार्टी का वफादार सदस्य रहने वाला मोईद अब अपने राजनीतिक करियर के सबसे बड़े संकट का सामना कर रहा है। उसके खिलाफ बढ़ती कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि मामला राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर गहराता जा रहा है।
ये भी देखें : Randeep Surjewala on BJP : कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का बड़ा बयान | Dainik Hint |


