Bareilly News : फतेहगंज पश्चिमी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार रात को एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें एक बाइक सवार परिवार की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बरेली से रामपुर की ओर जाते समय हुआ, जब एक ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
मौके पर हुई तीन की मौत
जानकारी के अनुसार, रात लगभग 11 बजे रामपुर जिले के मिलक कोतवाली क्षेत्र के गांव खाता नगरिया निवासी यासीन (45), उनकी पत्नी चमन (40) और बेटी फिरोसीन (20) बरेली से अपने घर की ओर लौट रहे थे। राधा-कृष्ण मंदिर के पास पहुंचते ही ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े, और ट्रक ने उन्हें रौंदते हुए आगे बढ़ गया। इस दुर्घटना में यासीन, चमन और फिरोसीन की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें : UP News : सीएम योगी आज 1334 अवर अभियंताओं को नियुक्ति पत्र करेंगे वितरित
दुर्घटना की सूचना मिलने पर (Bareilly News) पुलिस और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं। शवों की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से की गई और उन्हें जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। परिवार के सदस्यों को सूचना दी गई, लेकिन रात एक बजे तक वे जिला अस्पताल नहीं पहुंच सके थे।
पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। ट्रक के खिलाफ कार्यवाही के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी की जा सके।


