CM Yogi : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयान पर तीखा प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने 2027 में सपा की संभावित सरकार के बारे में कहा था कि प्रदेश के सभी बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ होगा, जो कि यूपी सरकार की दंगाईयों के खिलाफ बुलडोजर कार्यवाही का संदर्भ था।
सीएम योगी ने इस बयान पर किया पलटवार
सीएम योगी ने इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि “बुलडोजर पर हर एक व्यक्ति का हाथ सेट नहीं हो सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि “दंगाइयों के सामने नतमस्तक होने वाले लोग बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं।” मुख्यमंत्री योगी ने इस बात का भी संकेत दिया कि अखिलेश यादव इस सच को अच्छी तरह से जानते हैं।
सीएम योगी ने सपा प्रमुख के बयान को “मुंगेरी लाल के सपने” से जोड़ते हुए कहा कि “2017 से पहले जो लोग लूट और खसोट करते थे, वे अब टीपू सुल्तान बनने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया था और जातिवाद को बढ़ावा दिया गया।
‘जो लोग बेईमानी करेंगे, उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी’- सीएम योगी
योगी ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में प्रदेश में सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा, “जो लोग बेईमानी करेंगे, उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। पहले की सरकारों ने प्रदेश को दंगों में झोंका और जाति-जाति को लड़ाया, लेकिन हमारी सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया को अपनाया है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आयोग ने 13 विभागों में नियुक्तियों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई है, जिसमें ना तो जाति का भेदभाव हुआ और ना ही जनपद का। उन्होंने साढ़े सात वर्षों में नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने का दावा किया और इसे एक महत्वपूर्ण सुधार बताया।
ये भी पढ़ें : UP News : सीएम योगी आज 1334 अवर अभियंताओं को नियुक्ति पत्र करेंगे वितरित


