CM Yogi : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस वर्ष दिवाली का त्योहार कुसम्ही जंगल स्थित वनटांगिया गांव में मनाएंगे। 31 अक्टूबर को वह सीधे वनटांगिया पहुंचेंगे, जहां वे दीप जलाकर स्थानीय लोगों के साथ इस पर्व का आनंद लेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मिठाइयां और उपहार बांटने के साथ ही आतिशबाजी में भी शामिल होंगे। बाद में, वह गोरखनाथ मंदिर की ओर रवाना होंगे, जहां शाम को दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री का यह प्रवास दो दिनों तक चलेगा। 1 नवंबर की शाम, वह गोरखनाथ मंदिर के भीम सरोवर पर आयोजित ‘दीप शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान 11,000 दीयों से भीम सरोवर को रोशन किया जाएगा, और मुक्ताकाशी मंच पर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी होगी।
योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) का वनटांगिया गांव के लोगों के प्रति विशेष लगाव है। जब वह सांसद थे, तब भी हर दिवाली वह वनटांगिया गांव का दौरा करते थे। उन्होंने 2009 में वनटांगिया समुदाय के लोगों को सामान्य नागरिकों के अधिकार दिलाने की लड़ाई शुरू की थी, और तब से हर वर्ष दीपोत्सव मनाने की परंपरा कायम की। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह इस परंपरा को निभाना नहीं भूले हैं।


