Delhi Bomb Threat : दिल्ली के स्कूलों में बम से उड़ाने की धमकी की घटना में एक बार फिर चिंताजनक बढ़ोत्तरी देखी गई है। एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार दिल्ली के विभिन्न स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मच गया। इस धमकी के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गंभीर चिंता जताई है।
अरविंद केजरीवाल का बयान
अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर (X) पर इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, एक हफ्ते के अंदर दूसरी बार दिल्ली के स्कूलों को बम की धमकी मिली है, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने आगे कहा, अगर ऐसा ही चलता रहा तो बच्चों पर कितना बुरा असर पड़ेगा? उनकी पढ़ाई का क्या होगा? इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उनके इस बयान ने बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
शुक्रवार, 13 दिसंबर 2024 को जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, उनमें दिल्ली के प्रतिष्ठित स्कूलों—मॉडर्न स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल और कैंब्रिज स्कूल का नाम शामिल है। धमकी मिलने के तुरंत बाद, स्कूल प्रबंधकों ने बच्चों को तुरंत घर भेज दिया और सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली पुलिस को सूचित किया। इस घटनाक्रम के बाद मौके पर दिल्ली पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें पहुंची।
पहले भी मिल चुकी थी धमकी
दिल्ली के 40 स्कूलों को पहले भी इसी तरह की धमकी मिल चुकी थी। 9 दिसंबर 2024 को, दिल्ली के 40 स्कूलों के प्रबंधकों को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल प्राप्त हुआ था। उस दिन भी बच्चे स्कूल पहुंच चुके थे और उस समय सभी स्कूलों में अफरातफरी का माहौल बन गया था। इन धमकियों के कारण बच्चों, उनके माता-पिता और शिक्षकों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।


