Delhi Election : दिल्ली में सियासी गरमाहट के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किराड़ी में जनसभा की। उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अगर मैं और मेरी सरकार के मंत्री संगम में स्नान कर सकते हैं, तो केजरीवाल और उनके मंत्री यमुना में स्नान क्यों नहीं कर सकते। योगी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने यमुना को गंदे नाले में बदलने का काम किया है और जनता की अदालत में इन्हें माफ नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सरकार बांग्लादेशी और रोहिंग्या शरणार्थियों को बसाने का काम कर रही है।
सीएम योगी ने दिल्ली की सड़कों और बुनियादी ढांचे पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक दशक पहले लोग दिल्ली की सड़कों और मेट्रो देखने आते थे, लेकिन आज दिल्ली की सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, यह समझ नहीं आता। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की नाकामी ने दिल्ली को कूड़े के ढेर और सीवर के पानी से भरी सड़कों में बदल दिया है। योगी ने यह भी आरोप लगाया कि नमामि गंगे परियोजना के तहत यमुना की सफाई के लिए दिल्ली सरकार ने कोई सहयोग नहीं किया।
ये भी देखें : Akhilesh Yadav on CM Yogi: अखिलेश यादव ने साधा विपक्ष पर निशाना | Dainik Hint |
आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह पार्टी झूठ के एटीएम बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने 2020 में दिल्ली में दंगा कराया और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले दिल्ली के मुल्ला और मौलवियों को लाभ दिया गया, फिर चुनाव के समय पंडितों के लिए घोषणाएं कर दी गईं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केजरीवाल ने अपने गुरु अन्ना हजारे को धोखा दिया और जो अपने गुरु को धोखा दे सकता है, वह जनता को भी धोखा देगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी को झूठ की मशीन बताते हुए कहा कि इस पार्टी ने दिल्ली की तस्वीर को बदसूरत बना दिया है और उसे सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दिल्ली के विकास के लिए ऐसे झूठे वादे करने वालों को बाहर करें।


