Delhi Election : दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं द्वारा प्रचार की रफ्तार तेज हो गई है। रविवार को तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के मुखिया और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शाहदरा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया और भाजपा के पक्ष में दिल्लीवासियों से वोट की अपील की।
शाहदरा क्षेत्र में आंध्र प्रदेश के लोगों की एक बड़ी संख्या रहती है, इसी वजह से नायडू ने अपनी जनसभा को तेलुगु भाषा में संबोधित किया, ताकि वे अपने समुदाय को सीधे तौर पर अपनी बात समझा सकें। जनसभा के दौरान नायडू ने दिल्ली की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य की खराब हालत के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार जिम्मेदार है।
जनता से की वोट की अपील
उन्होंने कहा, “दिल्ली में भाजपा की जीत अब समय की मांग बन चुकी है। अगर भाजपा ने दिल्ली में शासन किया होता, तो दिल्ली आज वाशिंगटन के बराबर बदल चुकी होती।” नायडू ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक दुनिया की नंबर एक अर्थव्यवस्था बन जाएगा।”
नायडू के इस बयान (Delhi Election) से यह साफ प्रतीत हो रहा है कि वे दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरी तरह से सक्रिय हैं। वे चाहते हैं कि दिल्ली की जनता भाजपा को सत्ता में लाकर राज्य की स्थिति में सुधार लाए और देश के समग्र विकास की दिशा में योगदान दे।