Delhi-NCR Weather : दिल्ली एनसीआर में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है, और इस सर्दी का असर आम लोगों की दिनचर्या पर साफ दिखाई दे रहा है। इस समय कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम हो गई है और लोग एक हाथ की दूरी पर भी कुछ साफ नहीं देख पा रहे हैं। यही नहीं, घने कोहरे के कारण यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं, और सड़कें भी अंधेरे में डूब गई हैं।
अक्षरधाम मंदिर के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घने कोहरे के चलते मंदिर भी जैसे गायब हो गया है। चारों ओर सफेद रंग का कोहरा ही दिखाई दे रहा है, और ऐसा लग रहा है जैसे पूरा शहर धुंध में लिपट गया हो।
फ्लाइट और ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित
घने कोहरे के कारण दिल्ली के हवाई अड्डों पर 400 से ज्यादा फ्लाइट्स में देरी हो रही है। विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई है, जिसके चलते विमान संचालकों को सुरक्षित उड़ान के लिए अतिरिक्त समय देना पड़ रहा है। इससे यात्रियों को भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है, और इस स्थिति का असर आगामी दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
इसके अलावा, ट्रेन सेवाओं पर भी घने कोहरे का असर पड़ा है। दिल्ली से चलने वाली और दिल्ली आने वाली कुल 49 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। अधिकांश ट्रेनें तीन से चार घंटे की देरी से चल रही हैं। 10 ट्रेनों का समय पुनर्निर्धारित किया गया है। खासकर वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी तेज़ ट्रेनों को भी देरी का सामना करना पड़ रहा है। उदाहरण के तौर पर, वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन का समय रिवाइज किया गया है, और यह अभी भी देर से चल रही है। यह ट्रेन रात 11 बजे दिल्ली पहुंचने वाली थी, लेकिन अब तक नई दिल्ली नहीं पहुंच पाई है और इसका नया समय सुबह 7:30 बजे का निर्धारित किया गया है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी
मौसम विभाग (Delhi-NCR Weather) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में रविवार तक घने कोहरे का प्रभाव बना रह सकता है। आज भी कई इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही, अगर आगामी दिनों में बारिश होती है तो ठंड में और वृद्धि हो सकती है, जिससे हालात और खराब हो सकते हैं।
ये भी देखें : Delhi Election के बीच गरमाया ‘वोट घोटाले’ का मुद्दा, CM Atishi ने उठाए सवाल


