Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें एक घर में लगी भीषण आग ने तीन बच्चों समेत चार लोगों की जान ले ली। इस घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मृतकों में तीन बच्चे जीशान (7), अयान (4), शान (8) और महिला गुलबहार (32) शामिल हैं। हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है, और आसपास के इलाके में कोहराम मच गया है।
यह घटना लोनी के कंचन पार्क कॉलोनी में रविवार सुबह करीब छह बजे घटी। जानकारी के अनुसार, मकान की तीसरी मंजिल में आग लगी, जो जल्द ही पूरे घर में फैल गई। घटना के समय शाहनवाज, उनकी पत्नी आयशा और बेटा जान चौथी मंजिल पर सो रहे थे। आग लगने के बाद पूरे घर में धुआं फैल गया, और शाहनवाज परिवार के अन्य सदस्य जान बचाने के लिए पड़ोसी की छत पर कूद गए। इस दौरान शाहनवाज और उनके परिवार के दो सदस्य बच गए, लेकिन अन्य सदस्य आग के हवाले हो गए।
तीन बच्चों समेत चार की मौत, दो घायल
दमकल विभाग ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घर के अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। बचे हुए लोगों के अनुसार, आग की शुरुआत तीसरी मंजिल से हुई, जहां सिलाई मशीन का सामान और कपड़े रखे हुए थे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी और पूरी इमारत में फैल गई।
इस दर्दनाक हादसे (Ghaziabad News) में घायल हुए लोगों में जान (4) और आयशा (30) को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शमशाद और शाहनवाज का परिवार पूरी तरह से तबाह हो गया। घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें : UP Weather News : यूपी में मौसम का बदलता मिजाज, आगामी दिनों में हल्की बारिश की संभावना


