Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित पैसेफिक वर्ल्ड स्कूल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे स्कूल में अफरातफरी मच गई। स्कूल प्रशासन को जैसे ही यह धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, वे तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया।
धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया और पुलिस को सूचित किया। कुछ ही समय बाद, स्कूल प्रबंधन को एक और ई-मेल प्राप्त हुआ जिसमें पहले ई-मेल को फर्जी बताया गया था। यह सूचना सामने आने के बाद पुलिस की टीम, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते की एक टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने तुरंत स्कूल परिसर को खाली कराया और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की जांच की। इस दौरान, कुछ अभिभावक भी स्कूल पहुंचे और कई अभिभावकों ने तो अपने बच्चों को घर ले जाने का फैसला लिया। स्कूल में होने वाली हर गतिविधि की गहन जांच की गई, और बम जैसी किसी संदिग्ध वस्तु का कोई भी संकेत नहीं मिला।
कोतवाली प्रभारी (Greater Noida) मनोज सिंह ने बताया कि पहले ई-मेल में बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, दस मिनट बाद ही स्कूल के मेल पर एक और ई-मेल आया, जिसमें पहले की सूचना को झूठा बताया गया। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह धमकी भरा ई-मेल किसने भेजा था।
ये भी पढ़ें : Noida : नोएडा के प्ले स्कूल में मिला हिडन कैमरा, मोबाइल पर देख रहा था लाइव स्ट्रीमिंग
ये भी देखें : CM Yogi ने Shivpal Singh Yadav पर कसा तंज, ‘जनता ने कहा सफाचट…’


