Gurugram Cab Fraud Case: गुरुग्राम में एक कैब ड्राइवर के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नूंह जिले के धाना गांव निवासी कैब चालक जियाउद्दीन के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे ज्योति दलाल नाम की महिला ने कैब बुक की थी। शुरुआत में यात्रा सामान्य रही, लेकिन कुछ ही देर में मामला बिगड़ता चला गया।
तय नहीं था गंतव्य, घंटों घूमती रही कैब
ड्राइवर ने बताया कि महिला पहले सेक्टर-31, फिर बस स्टैंड और इसके बाद साइबर सिटी जाने को कहती रही। इसके बाद भी वह अलग-अलग इलाकों में रुकती रही और यात्रा का कोई स्पष्ट अंत नहीं बताया। कैब कई घंटों तक गुरुग्राम की सड़कों पर घूमती रही।
खाने-पीने का भुगतान भी ड्राइवर से
यात्रा के दौरान महिला ने ड्राइवर से 700 रुपये उधार मांगे। मजबूरी में ड्राइवर ने पैसे दे दिए। इतना ही नहीं, अलग-अलग जगहों पर रुककर महिला ने खाने-पीने का खर्च भी जियाउद्दीन से ही भरवाया। ड्राइवर का कहना है कि वह लगातार यात्रा खत्म करने की बात करता रहा, लेकिन महिला टालती रही।
किराया मांगते ही बदला रवैया
जब दोपहर बाद ड्राइवर ने किराया चुकाने को कहा, तो महिला कथित तौर पर भड़क गई। जियाउद्दीन का आरोप है कि महिला ने उन्हें छेड़छाड़ और चोरी जैसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद वह सीधे सेक्टर-29 थाने पहुंच गई और वहां भी हंगामा किया।
पुराने मामलों में भी रहा है नाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला पर पहले भी धोखाधड़ी के आरोप लग चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, वह पहले एक सैलून से करीब 20 हजार रुपये की ठगी कर चुकी है और एक अन्य कैब ड्राइवर को भी किराया नहीं दिया था। फरवरी 2024 में कैब किराया विवाद का उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
FIR दर्ज, तलाश जारी
सेक्टर-29 थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत सही पाई गई है और आरोपी की तलाश जारी है।
कैब चालकों में बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद गुरुग्राम के कैब ड्राइवरों में चिंता बढ़ गई है। ड्राइवरों का कहना है कि झूठे केस की धमकी के डर से कई बार वे शिकायत भी दर्ज नहीं करा पाते, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक नुकसान झेलना पड़ता है।
ये भी पढ़ें: Switzerland Bar Blast: नए साल के जश्न में मातम, स्विस बार विस्फोट में 47 की मौत
ये भी देखें: Mithun Chakraborty: मिथुन चक्रवर्ती का बड़ा बयान


