Hapur News : आज सुबह गजरौला के ब्रजघाट गंगा पुल पर एक बड़ा हादसा टल गया जब एक युवती ने गंगा में छलांग लगाकर अपनी जान देने की कोशिश की। घटना सुबह 8:30 बजे की है, जहां युवती को तत्पर गोताखोरों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बचा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 27 वर्षीय युवती पुल पर लगी लोहे की जाली पर चढ़ी और कुछ समय तक वहीं बैठी रही। अचानक, उसने गंगा में छलांग लगा दी। यह दृश्य देखकर ब्रजघाट गंगा तट पर मौजूद गोताखोर तुरंत हरकत में आ गए। गोताखोरों की टीम, जिसमें चंद्रभान, विशाल, रोशन, राजू, विनोद, कुंवरपाल, मुकेश, और दीपचंद शामिल थे, नाव लेकर युवती को बचाने के लिए गंगा में उतरी।
युवती गंगा के तेज बहाव में संघर्ष कर रही थी। गोताखोरों ने बड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालकर नाव में बिठाया और किनारे पर ले आए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना पर ब्रजघाट चौकी इंचार्ज इंद्रकांत यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती को अपने साथ लिया और पूछताछ के बाद उसके परिजनों को बुलाया।
पारिवारिक कलह बनी कारण
पुलिस के अनुसार, युवती हापुड़ जिले (Hapur News ) के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। पारिवारिक कलह के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने बताया कि 16 जनवरी 2025 को युवती की शादी तय है, लेकिन घरेलू विवाद और मानसिक तनाव के कारण उसने आत्महत्या की कोशिश की। गोताखोरों और पुलिस की तत्परता से युवती की जान बचा ली गई। पुलिस ने उसे समझाइश देकर परिजनों को सौंप दिया।


