Kanpur News : सीसामऊ विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 29 अगस्त (गुरुवार) कानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जीआईसी मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में 751 करोड़ रुपये की 442 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने रोजगार मेले के युवाओं से मुलाकात कर उन्हें प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
सीएम योगी ने कानपुरवासियों को किया संबोधित
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कानपुरवासियों को बधाई दी और कहा कि उन्होंने शहर के दो सांसदों को चुनकर भेजा है, जो कानपुर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सीएम योगी (Kanpur News) ने इस मौके पर 50 कंपनियों द्वारा 1000 से अधिक युवाओं को नौकरी प्रदान करने की बात भी साझा की, साथ ही उन्होंने युवाओं को टैबलेट भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कानपुर के ऐतिहासिक ‘लाल इमली’ मिल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह इमारत पुरानी सरकारों की नीतियों के कारण बंद हो गई थी, लेकिन अब इसे फिर से शुरू करने के लिए बड़ा पैकेज दिया जाएगा। उन्होंने इस इमारत को पुनः कानपुरवासियों को लौटाने का वादा किया।
सपा पर सीएम योगी ने किया तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सपा सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थी और इसी कारण से कानपुर की ‘लाल इमली’ मिल बंद हो गई। उन्होंने एक सपा नेता पर आरोप लगाया कि वह लोगों को आग में झोंकने का काम करता था।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री योगी ने बेटियों के अपमान पर सख्त संदेश देते हुए कहा कि भाजपा सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने ‘कन्नौज का नवाब कांड’ का जिक्र करते हुए कहा कि जिसने एक बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ किया, उसे भाजपा सरकार नहीं बख्शेगी।
ये भी पढ़ें : UP News :योगी सरकार ने महापुरुषों को दिया सम्मान, निहालगढ़ स्टेशन का नाम बदलकर किया महाराजा बिजली पासी
मंत्री सुरेश खन्ना ने जनसभा में कहा कि कानपुर को सबसे ज्यादा नुकसान ‘इंडिया गठबंधन’ ने पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने युवाओं का रोजगार छीना और कानपुर के औद्योगिक विकास को रोक दिया। लेकिन आज की सरकार ने इस नुकसान की भरपाई की है और यूपी के उद्योगपतियों को प्रदेश में ही रहने के लिए प्रेरित किया है।


