Kanpur News : शनिवार सुबह कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र में एक भयानक हादसा हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग साधु दंपति की कार से कुचलकर मौत हो गई। यह घटना परमट मंदिर के पास हुई, जहां दंपत्ति मंदिर के बाहर सो रहे थे।
सुबह लगभग पाँच बजे, एक कार में कुछ लोग मंदिर के मंगला आरती के लिए आए थे। दर्शन के बाद जब उन्होंने अपनी गाड़ी को बैक किया, तो गाड़ी पीछे सो रहे दंपत्ति पर चढ़ गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने (Kanpur News) बताया कि दोनों मृतक का नाम दिव्यानंद और उनकी पत्नी का नाम शांति देवी था। दोनों पिछले कुछ समय से भिक्षा मांगने का काम करते थे और रात में मंदिर के पास सो जाते थे। घटना के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
ADCP महेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद सभी आवश्यक जांचें की जा रही हैं और जल्द ही आरोपित चालक को पकड़ लिया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “कानपुर में साधु संतों का जीवन भी सुरक्षित नहीं रह गया है। यूपी में अराजकता का माहौल है, और यह घटना इसका एक और उदाहरण है।” पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी देखें : CM Chandrababu Naidu ने YSRCP सरकार पर लगाया बड़ा आरोप


