Kanpur News : शादी के बाद अक्सर दहेज की मांग के मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन कानपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जो काफी चौंकाने वाला है। यहां एक पत्नी ने अपने पति से 1.50 करोड़ रुपये की मांग कर दी है, ताकि वह अपने पति के साथ रह सके। दिलचस्प बात यह है कि यह घटना उस वक्त हुई जब पत्नी को सरकारी नौकरी मिल गई, और इसके बाद उसकी मांगें भी अजीबोगरीब हो गईं।
क्या है पूरा मामला?
कानपुर के एक स्कूल के संचालक बजरंग भदौरिया ने अपनी पत्नी लक्षिता सिंह और उसके परिवार के खिलाफ नौबस्ता थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बजरंग भदौरिया के अनुसार, उनकी शादी दिल्ली की रहने वाली लक्षिता सिंह से 2020 में हुई थी। शादी के बाद दोनों कानपुर में ही रहते थे, लेकिन कुछ समय बाद पत्नी को दिल्ली में सरकारी नौकरी मिल गई, और वह नौकरी के लिए दिल्ली जाने लगीं।
पत्नी की नौकरी मिलने के बाद वह धीरे-धीरे अपने पति से दूर होती गईं। जब बजरंग ने अपनी पत्नी को वापस घर बुलाया, तो उसने यह शर्त रख दी कि अगर वह उसके साथ रहना चाहता है, तो उसे पहले 1.50 करोड़ रुपये देने होंगे। पत्नी का कहना था कि सिर्फ इसी शर्त पर वह उसके साथ रह सकती है।
ससुर और साले भी शामिल
पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी के साथ-साथ उसके ससुर और दोनों साले भी उसके खिलाफ माहौल बना रहे हैं। वह भी साफ तौर पर धमकी दे रहे हैं कि जब तक 1.50 करोड़ रुपये नहीं मिलेंगे, वे बेटी को ससुराल नहीं भेजेंगे। साथ ही, पत्नी यह भी धमकी दे रही है कि यदि उस पर कोई दबाव बनाया गया, तो वह पति और उसके परिवार के खिलाफ दहेज का केस दर्ज करवा देगी।
बजरंग भदौरिया का कहना है कि न केवल पत्नी, बल्कि उसके ससुर और साले ने भी उसकी मारपीट की है। इस संबंध में उसने नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
पुलिस अधिकारी (Kanpur News) संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। पति की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें : Bihar के किसानों की बल्ले-बल्ले, Nitish Government ने कर दिया बड़ा ऐलान


