Loksabha Election: लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बहुमत हासिल कर लिया है, लेकिन विपक्षी गठबंधन ‘INDI’ ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। केंद्र में सरकार बनने के साथ ही अब इस बात पर चर्चा हो रही है कि लोकसभा में विपक्ष का नेता कौन होगा।
इस बीच सूत्रों ने जानकारी दी है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता बन सकते हैं। सूत्रों ने संकेत दिया है कि कांग्रेस पार्टी के अंदर इस बात पर विचार चल रहा है कि राहुल गांधी सदन में पार्टी की कमान संभालें और लोकसभा में विपक्ष के नेता बनें। कांग्रेस संसदीय दल जल्द ही लोकसभा में पार्टी के नेता पर फैसला करने के लिए बैठक करेगा।
ये भी पढ़ें..
स्मृति ईरानी को नहीं मिला इस नेता का साथ, जानिए अमेठी में bjp की हार की बड़ी वजह
इस बीच कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने खुले तौर पर मांग की है कि राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनाया जाए। मनिकम टैगोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मैंने अपने नेता राहुल गांधी के नाम पर वोट मांगे हैं। इसलिए मेरा मानना है कि राहुल गांधी को ही लोकसभा में कांग्रेस का नेता होना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस के अन्य सांसद भी मेरी तरह ही सोचेंगे। देखते हैं कांग्रेस संसदीय दल क्या फैसला लेता है। हम एक लोकतांत्रिक पार्टी हैं।”
लोकसभा में विपक्ष का नेता बनने के लिए 10 प्रतिशत से अधिक सीटें होना जरूरी है। 2014 में कांग्रेस ने 44 सीटें जीती थीं और 2019 में 52 सीटें जीतीं, लेकिन इस बार पार्टी ने 99 सीटें हासिल की हैं। ऐसे में राहुल गांधी के विपक्ष का नेता बनने की संभावना बहुत ज्यादा है।


