Lucknow News : लखनऊ के शहीदपथ पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जब हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला की फ्लीट में चल रही गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। हादसे में फ्लीट की कई गाड़ियों के चालक और सुरक्षा कर्मी घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला एयरपोर्ट से हजरतगंज स्थित गर्वनर हाउस जा रहे थे। इस दौरान जब उनकी गाड़ियों की फ्लीट लूलू माल के पास पहुंची, तो राज्यपाल की गाड़ी और अन्य सुरक्षा कर्मियों की गाड़ियां आगे चल रही थीं। पीछे चल रही एक जिप्सी के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे तेज गति से आ रही बोलेरो, एंबुलेंस और अन्य गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर की वजह से चालक और सुरक्षा कर्मी घायल हो गए।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त राजेश यादव, ट्रैफिक पुलिस के टीएसआई और इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी, अंजनी मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राज्यपाल की गाड़ी को सुरक्षा के घेरे में लेकर राजभवन भेजा गया, जबकि घायल चालक और सुरक्षा कर्मियों को अस्पताल भेजा गया।
अपर पुलिस उपायुक्त (Lucknow News) ने बताया कि राज्यपाल पूरी तरह सुरक्षित हैं, क्योंकि उनकी गाड़ी पुलिस की गाड़ियों के साथ आगे थी। घटनास्थल से गाड़ियों को हटवाने के लिए क्रेन मंगवाई गई। हादसे के बाद शहीदपथ पर करीब एक घंटे तक वाहनों का आवागमन बंद रहा, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान सामान्य वाहनों को सर्विस लेन से गुजारा गया, लेकिन इससे सर्विस लेन पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया और जाम की स्थिति करीब डेढ़ घंटे तक बनी रही।
ये भी देखें : Sarwan Singh Pandher का बड़ा बयान, “किसी भी तरह की कुर्बानी को तैयार हैं”


