Mahakumbh 2025 : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हो रहे महाकुंभ के दौरान वाराणसी के रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने इस बात की जानकारी दी कि महाकुंभ के दौरान वाराणसी के सभी रेलवे स्टेशन परिसर और ट्रेनों की पैंट्री में नॉनवेज खाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
सुरक्षा का ख्याल रखते हुए किया गया अतिरिक्त प्रबंध
महाकुंभ के दौरान यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और सीआरपीएफ के जवान मुस्तैद रहेंगे, जो यात्रियों की सुरक्षा में मदद करेंगे। ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के दौरान इनकी इंटर्नल टीम प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहेगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित तरीके से प्लेटफॉर्म से बाहर निकाला जा सके और उनका मार्गदर्शन किया जा सके।
यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क और मेडिकल सेवाएं
वाराणसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन हेल्पडेस्क स्थापित किए गए हैं। इनमें से एक मुख्य प्रवेश द्वार पर और दो होल्डिंग एरिया में होंगे। इसके अलावा, यात्रियों की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेडिकल टीम भी स्टेशन पर सक्रिय रहेगी। डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टॉफ के साथ-साथ 108 एम्बुलेंस सेवा भी स्टेशन के प्रवेश और निकासी गेट पर उपलब्ध रहेगी।
विशेष ध्यान सुरक्षा, सफाई और यात्री सुविधाओं पर
महाकुंभ के दौरान सुरक्षा और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वाराणसी के मण्डलायुक्त ने इस संबंध में एक समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें यह सुनिश्चित किया गया कि ऑटो, ई रिक्शा और मोटर बोट का किराया निर्धारित किया जाएगा। यात्रियों और श्रद्धालुओं से अधिक किराया नहीं लिया जाएगा। साथ ही, बसंत पंचमी से महाशिवरात्रि तक स्टेशन, गंगा घाट और धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और घाटों की सफाई के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा।
घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता अभियान
महाकुंभ (Mahakumbh 2025) के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर घाटों पर जल पुलिस और एनडीआरएफ के जवान सक्रिय रहेंगे। नहाने के लिए निर्धारित स्थानों पर गोताखोरों को भी तैनात किया जाएगा। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने इस बात की पुष्टि की कि महाकुंभ के दौरान पूरे शहर में स्वच्छता अभियान युद्ध स्तर पर चलेगा। विशेष रूप से महाकुंभ के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें : Ayodhya Ram Mandir : रामलला प्राण प्रतिष्ठा का पहला वार्षिक उत्सव, तीन दिवसीय भव्य आयोजन, सीएम योगी करेंगे महाआरती
ये भी देखें : CM Atishi का बड़ा दावा, “BJP Ramesh Bidhuri को CM पद का चेहरा बानाएगी!”


