Mahakumbh 2025 : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा महाकुंभ को ‘मृत्यु कुंभ’ कहे जाने के बाद समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने भी इस मुद्दे पर प्रति क्रिया दी है। डिंपल यादव ने महाकुंभ के दौरान हुई कई घटनाओं को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाए हैं और उनसे मृतकों के आंकड़े सही तरीके से सार्वजनिक करने की मांग की है।
डिंपल यादव ने लगाया योगी सरकार पर आरोप
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए डिंपल यादव ने कहा, इस बार महाकुंभ में बहुत निंदनीय घटनाएं घटी हैं। शासन और प्रशासन ने इन घटनाओं को छिपाने की कोशिश की थी। हम केवल यह चाहते हैं कि सरकार सही आंकड़े बताए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने दावा किया था कि 100 करोड़ लोगों के लिए व्यवस्था की गई थी, लेकिन हकीकत में ऐसी कोई व्यवस्था नजर नहीं आई। डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि महाकुंभ में लगातार हादसों के कारण लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। रेलवे स्टेशन से लेकर महाकुंभ स्थल तक लोग जान गंवा रहे हैं। उनका कहना था, हम सिर्फ यही चाहते हैं कि सरकार मृतकों का सही आंकड़ा दे और उन्हें उचित मुआवजा मिले। हमारी सिर्फ यही मांग है।
इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी महाकुंभ पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। ममता ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था, महाकुंभ अब मृत्यु कुंभ में बदल चुका है। यहां वीआईपी लोगों को विशेष सुविधाएं मिल रही हैं, जबकि गरीबों को इससे वंचित किया जा रहा है।उन्होंने यह भी कहा था कि इस तरह के बड़े आयोजनों की योजना पहले से ठीक से बनाई जानी चाहिए थी। ममता ने भगदड़ की घटनाओं के बाद सरकार के रवैये पर सवाल उठाया, जिसमें शवों को बिना पोस्टमार्टम के बंगाल भेज दिया गया था।
मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की अपील की
ममता बनर्जी (Mahakumbh 2025) ने आगे कहा, वे कहेंगे कि लोगों की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई और इस वजह से उन्हें मुआवजा नहीं मिलेगा। उन्होंने इस मुद्दे पर गंभीर चिंता जताई और सरकार से इस मामले में जवाब देने की मांग की। महाकुंभ के दौरान हुई घटनाओं ने राजनीतिक हलकों में विवाद को जन्म दिया है, और समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने योगी सरकार की आलोचना की है। दोनों नेताओं, ममता बनर्जी और डिंपल यादव ने सरकार से मामले की पारदर्शिता की मांग की है और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की अपील की है।
ये भी देखें : Maharashtra Government ने ‘Love Jihad’ के लिए बनाई कमेटी तो आगबबूला हुए Abu Azmi


