Mahakumbh 2025 : गुरुवार को अभिनेत्री हेमा मालिनी, अनुराधा पौडवाल और अनूप जलोटा ने ‘महाकुंभ आरती’, ‘गंगा आरती’ और ‘प्रार्थना भजन’ के संगीत एल्बम का भव्य लॉन्च किया। इन भक्ति गीतों को गायक अनूप जलोटा, हेमा मालिनी और विशाल अग्रवाल ने गाया है, जबकि इसके बोल प्रसिद्ध कवि नारायण अग्रवाल जी ‘दास नारायण’ ने लिखे हैं। इस आयोजन में इन प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ कवि नारायण अग्रवाल और गायक विशाल अग्रवाल भी मौजूद थे।

लॉन्च के अवसर पर सभी कलाकारों ने इस अद्भुत भक्ति संगीत को लेकर अपने विचार साझा किए और इसे श्रोताओं के दिलों से जुड़ने वाला बताया। गीतों के पवित्र और दिव्य स्वर ने आयोजन में उपस्थित सभी लोगों को गहरे धार्मिक अनुभव से परिचित कराया।

गायक अनूप जलोटा ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा, हम सभी ने महाकुंभ के इस पवित्र आयोजन में सम्मिलित होने का गर्व महसूस किया है। इन गीतों को सुनने से श्रोताओं को गहरी आध्यात्मिक संतुष्टि मिलेगी, और मैं सभी से अनुरोध करता हूँ कि वे इन गीतों का आनंद लें। उन्होंने महाकुंभ पर भी कुछ भजन गुनगुनाए और इसका महत्व बताते हुए इसे एक विशेष आयोजन कहा।
अभिनेत्री हेमा मालिनी ने इस आयोजन को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, इन दिव्य रचनाओं का हिस्सा बनना मेरे लिए एक आध्यात्मिक अनुभव रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि ये भजन श्रोताओं के दिलों को छूने में सक्षम होंगे और उन्हें ईश्वर के करीब लाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह 26 तारीख को महाकुंभ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही हैं और वहां होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनकर खुशी होगी। साथ ही, उन्होंने गंगा को स्वच्छ रखने की अपील की और सभी से प्रकृति और जीवों के प्रति उदारता बरतने की बात कही।

गायिका अनुराधा पौडवाल ने भी अपनी भावनाओं का इज़हार किया और गीतों के रचनाकार कवि नारायण अग्रवाल जी ‘दास नारायण’ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस पवित्र आयोजन में अपनी भागीदारी को गर्व की बात बताया।
गीतकार कवि नारायण अग्रवाल जी ‘दास नारायण’ ने इन आरतियों और भजनों के बारे में अपनी सोच को साझा करते हुए कहा, प्रत्येक पंक्ति ईश्वर को एक विनम्र भेंट है। मुझे विश्वास है कि इन शब्दों का प्रभाव श्रोताओं पर गहरे रूप से होगा और यह उनके दिलों को प्रेरित करेगी।
ये भी पढ़ें : UP Weather News : यूपी में ठंड का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया कोहरे का अलर्ट


