Mahakumbh 2025 : अगर आप महाकुंभ जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ मेले में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु एडवांस में होटल या टेंट हाउस बुक करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग का सहारा ले रहे हैं। लेकिन, इसी मौके का फायदा उठाकर साइबर ठगों द्वारा श्रद्धालुओं से ठगी की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ठगों ने शहर के नामी होटलों की फर्जी वेबसाइट्स बनाकर श्रद्धालुओं से पैसों की वसूली शुरू कर दी है।
साइबर ठगी के मामले में पुलिस का एक्शन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक लगभग 54 फर्जी वेबसाइट्स को बंद किया जा चुका है। साइबर थाना प्रभारी राजीव कुमार तिवारी के मुताबिक, इन फर्जी वेबसाइट्स पर शहर के 50 से अधिक होटलों के नामों का इस्तेमाल किया गया है, जिनमें होटल कान्हा श्याम, होटल अजय इंटरनेशनल और मारवाड़ी धर्मशाला जैसे प्रसिद्ध होटलों के नाम शामिल हैं। नवंबर महीने में महाकुंभ के लिए टेंट बुकिंग के नाम पर kumbhcottagebooking.com जैसी वेबसाइट्स पर ठगी की शिकायतें मिली थीं। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
फिलहाल साइबर पुलिस ने इस ठगी के खेल को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए हैं। एक स्पेशल टीम गठित की गई है जो फर्जी वेबसाइट्स और शातिर सोशल मीडिया ठगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस टीम ने 44 और संदिग्ध वेबसाइट्स को रडार पर लिया है, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।
फर्जी वेबसाइट्स से कैसे बचें?
इन फर्जी वेबसाइट्स में असली वेबसाइट का नाम तो लगभग वही रहता है, लेकिन कुछ अक्षरों में बदलाव किया जाता है, जिससे यह वेबसाइट असली से बिल्कुल मेल खाती नजर आती है। ऐसे में ठगी से बचने के लिए निम्नलिखित सावधानियां बरतनी चाहिए:
वेबसाइट का URL जांचें: वेबसाइट का यूआरएल अच्छे से जांच लें। सुनिश्चित करें कि वह “https://” से शुरू हो और वेबसाइट के बगल में लॉक आइकन दिखाई दे।
केवल प्रमाणित एजेंसियों से बुकिंग करें: होटल या टेंट बुकिंग के लिए केवल सरकारी या प्रमाणित एजेंसियों की वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।
APK फाइलों से बचें: वेबसाइट या व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी गई APK फाइल को इंस्टॉल न करें, क्योंकि यह आपको फर्जी वेबसाइट तक पहुंचा सकती हैं।
साइबर ठगी (Mahakumbh 2025) के मामलों में निरंतर बढ़ोतरी को देखते हुए यह महत्वपूर्ण है कि श्रद्धालु अपनी बुकिंग से पहले पूरी तरह से सतर्क रहें। यदि आप ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं, तो सुनिश्चित करें कि आप विश्वसनीय और प्रमाणित स्रोतों का ही इस्तेमाल कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Raja Bhaiya News : यूपी विधानसभा में संभल मामले को लेकर राजा भैया का बयान वायरल


