Mahakumbh 2025 : उत्तर प्रदेश की मंत्रिपरिषद की आगामी बैठक बुधवार को प्रयागराज के संगम तट पर अरैल स्थित अस्थायी सर्किट हाउस त्रिवेणी संकुल में होगी। इस बैठक में प्रदेशभर के कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय लिया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी। लगभग सभी प्रस्ताव पहले ही तैयार कर लिए गए हैं, और बैठक के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यह बैठक परेड मैदान स्थित प्रयागराज मेला प्राधिकरण के इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में आयोजित नहीं होगी, जैसा कि 2019 के कुंभ के दौरान हुआ था। उस समय इसी सेंटर में मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी, जिसमें गंगा एक्सप्रेस वे का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ था। अब, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठक त्रिवेणी संकुल में आयोजित की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में कुल 54 कैबिनेट, स्वतंत्र प्रभार और राज्य मंत्री शामिल होंगे। सभी मंत्री और शासन के उच्चाधिकारी मंगलवार देर शाम तक महाकुंभ नगर पहुंच जाएंगे। त्रिवेणी संकुल को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, और बैठक के लिए विशेष हैंगर पंडाल तैयार किया जा रहा है। महाकुंभ नगर के इस अस्थायी सर्किट हाउस में 130 प्रीमियम स्पेशल काटेज भी बुक किए गए हैं।
मुख्य प्रस्तावों में धार्मिक सर्किट और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं शामिल
इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। इनमें काशी, प्रयाग, अयोध्या, चित्रकूट और विंध्याचल के धार्मिक सर्किट का प्रस्ताव प्रमुख है। इसके अलावा गंगा और यमुना पर ब्रिज निर्माण, तथा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के विस्तार की परियोजनाएं भी प्रस्तावित सूची में शामिल हो सकती हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Mahakumbh 2025) बुधवार की सुबह प्रयागराज पहुंचेंगे, और बैठक का आयोजन दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। इस बैठक में उत्तर प्रदेश की विकास योजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर चर्चा की जाएगी, जो प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
ये भी देखें : Italy की महिलाओं ने CM Yogi को सुनाया ‘शिव तांडव’, गदगद हुए मुख्यमंत्री


