Maharashtra Election Results 2024 : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे अब पूरी तरह से सामने आ गए हैं और एक नई सरकार की तस्वीर साफ हो गई है। महायुति गठबंधन, जिसमें बीजेपी, शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी शामिल हैं, यहां 231 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही हैं। वहीं, महा विकास आघाड़ी (MVA) गठबंधन केवल 50 सीटों पर आगे है। बीजेपी ने अकेले ही 133 सीटों पर बढ़त बना ली है, जो एक बड़ा राजनीतिक संकेत है।
हालांकि, इन चुनावों में कई चौंकाने वाले नतीजे भी सामने आए हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा वर्सोवा विधानसभा सीट के परिणामों को लेकर हो रही है। वर्सोवा सीट पर सोशल मीडिया पर फेमस अभिनेता एजाज खान ने चुनाव लड़ा था, जो आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे। हालांकि, एजाज खान के लिए चुनाव परिणाम बेहद निराशाजनक रहे और उनके लिए यह चुनावी सफर एक बुरी याद बनकर रह गया।
एजाज खान को सिर्फ 155 वोट मिले
वर्सोवा सीट पर शिवसेना यूबीटी के उम्मीदवार हारून खान ने 65,396 वोटों के साथ जीत हासिल की, जबकि बीजेपी की भारती लवेकर 63,796 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। लेकिन, सबसे चौंकाने वाला और चर्चा का विषय एजाज खान का प्रदर्शन रहा। बिग बॉस सीजन 7 के पूर्व प्रतियोगी और अभिनेता एजाज खान को इस सीट पर सिर्फ 155 वोट मिले, जो उनके सोशल मीडिया फॉलोवर्स के मुकाबले बेहद कम हैं।
एजाज खान के पास इंस्टाग्राम पर 5.6 मिलियन और फेसबुक पर 4.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं, लेकिन चुनाव में उनका वोट बैंक बेहद छोटा साबित हुआ। उनका प्रदर्शन इस हद तक खराब रहा कि उनकी जमानत तक जब्त हो गई। इस सीट पर 20 नवंबर को 51.2% मतदान हुआ था और 22 राउंड की काउंटिंग के बाद एजाज की हार पूरी तरह से स्पष्ट हो गई।
सोशल मीडिया पर एजाज की हार पर मीम्स का वायरल होना
एजाज खान के चुनावी प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर जहां एक तरफ लोग मजाक उड़ा रहे हैं, वहीं कई मीम्स भी वायरल हो गए हैं। एक यूजर ने तो यह तक लिख दिया, एजाज को उनकी फैमिली के भी वोट नहीं मिले।” वहीं दूसरे ने इस नतीजे पर चुटकी लेते हुए सवाल किया, “आखिर ये कौन लोग हैं जिन्होंने एजाज को वोट दिया है? इसपर रिसर्च होनी चाहिए।
यह वही एजाज खान हैं जिन्होंने यूट्यूबर कैरी मिनाटी से विवाद के दौरान सार्वजनिक माफी मांगी थी। कैरी मिनाटी ने बिग बॉस सीजन 7 के दौरान एजाज खान का ‘रोस्ट’ किया था, जिसके बाद एजाज ने उसे लेकर माफी मांगी थी। इस घटना ने एजाज को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया था, लेकिन चुनावी परिणामों ने यह साबित कर दिया कि सोशल मीडिया फॉलोअर्स का राजनीतिक सफलता में कोई खास असर नहीं होता।


