पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय बजट 2024-25 की आलोचना करते हुए इसे ‘राजनीतिक रूप से पक्षपाती और गरीब विरोधी’ बताया। उन्होंने केंद्र पर पश्चिम बंगाल को वंचित करने का आरोप लगाया और दावा किया कि बजट में दिशा और दृष्टि का अभाव है, जिसका उद्देश्य केवल राजनीतिक मकसद पूरा करना है।
राज्य को ‘वंचित’ करने के लिए केंद्र की आलोचना की- ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को केंद्रीय बजट 2024-25 को ‘राजनीतिक रूप से पक्षपाती और गरीब विरोधी’ करार दिया और राज्य को ‘वंचित’ करने के लिए केंद्र की आलोचना की। मुख्यमंत्री ने आश्चर्य व्यक्त किया कि पश्चिम बंगाल ने क्या गलत किया था कि केंद्र ने उसे वंचित कर दिया।
गरीबों के हितों का नहीं रखा गया ध्यान
उन्होंने राज्य विधानसभा परिसर में संवाददाताओं से कहा, “इस केंद्रीय बजट में बंगाल को पूरी तरह से वंचित रखा गया है। इसमें गरीबों के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। बजट राजनीतिक रूप से पक्षपाती है। यह दिशाहीन है और इसमें कोई दूरदर्शिता नहीं है। यह केवल एक राजनीतिक मिशन की सेवा के लिए है।” इससे पहले दिन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2024-25 वित्तीय वर्ष के लिए केंद्रीय बजट पेश किया।


