Mayawati News : बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने 1995 के उस घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जब समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं द्वारा उन पर जानलेवा हमला किया गया था। इस घटना के संदर्भ में मायावती ने कांग्रेस पर उनके कर्तव्यों को निभाने में असफल होने का आरोप लगाया है।
मायावती ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
मायावती ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक पोस्ट करते हुए कांग्रेस की उस भूमिका पर सवाल खड़ा किया है, जब सपा के आपराधिक तत्वों ने उनके जीवन पर खतरा उत्पन्न किया था। उन्होंने लिखा, “1995 में जब सपा ने मुझ पर हमला कराया, तब कांग्रेस के लोग कहां थे? उस वक्त केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, फिर उसने अपना दायित्व क्यों नहीं निभाया?”
ये भी पढ़ें : UP News : सीएम योगी का जन्माष्टमी को लेकर बड़ा निर्देश, कहा- ‘सभी पुलिस थानों, कारागारों में…’
मायावती (Mayawati) ने बताया कि उस वक्त बीएसपी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम जी की गंभीर बीमारी के बावजूद उन्हें अस्पताल छोड़कर गृह मंत्री को चेतावनी देने के लिए रात में सक्रिय होना पड़ा था। इसके बावजूद, केंद्र की कांग्रेस सरकार ने तब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की थी, जब तक कि संसद में विपक्ष ने दबाव नहीं डाला। उन्होंने कहा, “उस वक्त केंद्र की कांग्रेसी सरकार की नीयत खराब हो चुकी थी, और वह यूपी में राष्ट्रपति शासन लगाकर पर्दे के पीछे से अपनी सरकार चलाना चाहती थी। लेकिन बीएसपी ने उनके इस षड्यंत्र को विफल कर दिया।”
मायावती ने आगे कहा कि उस समय भाजपा सहित समूचे विपक्ष ने सपा के आपराधिक तत्वों से उन्हें बचाने के लिए जो दायित्व निभाया था, वह मानवता और इंसानियत के नाते था। उन्होंने सवाल उठाया कि इस घटना के संदर्भ में कांग्रेस को समय-समय पर क्यों तकलीफ होती रहती है।


