Meerut News : दिल्ली रोड स्थित मेट्रो प्लाजा के सामने फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के छात्रों के बीच रविवार को चलती बस में झगड़ा बढ़ते-बढ़ते हिंसक घटना में बदल गया। छात्रों के इस विवाद के दौरान बस में गोलीबारी हुई, जिसमें तीन छात्र घायल हो गए।
घटना की शुरुआत फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के 12वीं कक्षा के छात्र शादाब और 10वीं के छात्र उमर के बीच गुरुवार को हुई एक मामूली कहासुनी से हुई थी। बताया गया है कि गुरुवार को क्लास में उमर ने शादाब के सामने थूक दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हुई और उन्होंने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी।
गोलीबारी में तीन घायल
रविवार को शादाब अपने दो साथियों, कासिम और खुर्शीद, के साथ सिवाल खास जा रहा था। जब वे मेट्रो प्लाजा के पास पहुंचे, तो उमर और उसके साथी वहां मौजूद थे। दोनों पक्षों में फिर से विवाद शुरू हो गया। इस दौरान उमर के साथी ने शादाब पर गोली चला दी।
गोली शादाब (Meerut News) को तो नहीं लगी, लेकिन उसके साथी कासिम और खुर्शीद घायल हो गए। कासिम ने हमलावर का तमंचा छीनने की कोशिश की, लेकिन गोली उसके हाथ को छूते हुए खुर्शीद की जांघ में जा लगी। घटना की सूचना मिलते ही ब्रहमपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और कासिम और खुर्शीद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और उमर से पूछताछ कर रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी को घटना की पूरी जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस फिलहाल अन्य आरोपियों की भी तलाश में जुटी है।


