खबर

Noida: नन्हें परिंदे अभियान की ऊंची उड़ान, 80 में 66 बच्चों ने पास की परीक्षा

by | Oct 31, 2023 | अपना यूपी, आपका जिला, बड़ी खबर, मुख्य खबरें

नोएडा। नन्हें परिंदे अभियान के तहत स्लम एरिया के 66 बच्चों ने परीक्षा पास कर ली और इन बच्चों को ओबीई (ओपन बेसिक एजुकेशन) प्रमाण पत्र दिया गया। इस परीक्षा में कुल 80 बच्चों ने हिस्सा लिया था। इस अभियान के तहत नोएडा कमिश्नरेट पुलिस की देखरेख में एनजीओ व कंपनियों की मदद से स्लम एरिया में रहने वाले बच्चे पढ़ाई करते हैं।

कमिश्नरेट में स्लम एरिया के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए नन्हें परिंदे अभियान के तहत सोमवार को एसीपी प्रथम रजनीश वर्मा के सहयोग से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों को ओबीई (ओपन बेसिक एजुकेशन) प्रमाणपत्र वितरित किया गया। वहीं, कराटे इंडिया अकादमी के सहयोग से आत्मरक्षा प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया। वर्ष 2022 में नन्हें परिंदे प्रोजेक्ट से ओबीई में 80 बच्चों का सफलतापूर्वक नामांकन किया गया था। इनमें से 66 बच्चों ने परीक्षा में सफलता हासिल की।

प्राथमिक मिशन शिक्षा से वंचित और कामकाजी बच्चों को उनकी शैक्षणिक यात्रा में सहायता करना

एसीपी रजनीश वर्मा का कहना है कि हम लोगों का प्राथमिक मिशन शिक्षा से वंचित और कामकाजी बच्चों को उनकी शैक्षणिक यात्रा में सहायता करना है। जो बच्चे पारिवारिक जिम्मेदारियों और अधिक उम्र के कारण नियमित स्कूलों में दाखिला लेने में असमर्थ हैं, उन्हें ओबीई कार्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। जिससे उनके आगे का रास्ता प्रशस्त हो। नोएडा कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से पिछले तीन साल से नन्हें परिंदे कार्यक्रम चल रहा है और अब तक दो हजार से अधिक बच्चे इससे जुड़ चुके हैं।

ये भी पढ़ें..

 अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर लगाए बेहद गंभीर आरोप, बोले, ‘फ़ोन टैप करा के..

पुलिस के नोडल अधिकारी रजनीश वर्मा के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक प्वाइंट पर बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। इसमें वंचित वर्ग के बच्चे शामिल होते हैं। इस मौके पर चेतना संस्था के निदेशक संजय गुप्ता ने सभी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए सतत प्रयास करने के लिए कहा। उन्होंने कहा, कक्षा 8 तक पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे भी मदद की जाएगी। कराटे इंडिया अकादमी के सहयोग से कार्यक्रम स्थल पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण सत्र में 30 बच्चियों ने भाग लिया।

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर