NEET Paper Leak : नीट पेपर लीक मामले में जांच कर रही सीबीआई जल्दी ही आरओ-सिपाही भर्ती परीक्षा प्रकरण के मास्टरमाइंड रवि अत्री और डॉ. शरद कुमार से भी पूछताछ करेगी। ये दोनों लोग इस समय जेल में बंद है। वर्ष 2012 और वर्ष 2015 में एआईपीएमटी में हुई धांधली में भी ये दोनों आरोपी बनाये गये थे। सीबीआई को यह पता चलते ही इनका पुराना ब्योरा खंगालना शुरू कर दिया है। इसको लेकर सीबीआई की लखनऊ टीम भी सक्रिय हो गई है। सीबीआई यह पता करने का प्रयास कर रही है कि कहीं इस गिरोह का भी नीट पेपर लीक मामले में सम्बन्ध तो नहीं है। सीबीआई जेल में बंद दोनों आरोपितों से पूछताछ करने के लिये कोर्ट से अनुमति लेगी।
दो दर्जन से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा का पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने दो दर्जन से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसमें मास्टरमाइन्ड राजीव नयन, रवि अत्री, डॉ. शरद और सुभाष प्रकाश शामिल हैं। इनमें राजीव नयन सरगना है जिसने आरओ भर्ती परीक्षा के साथ ही सिपाही भर्ती परीक्षा का पर्चा लीक कराने में अहम भूमिका निभायी। उसके साथ रवि, शरद और सुभाष हर कदम पर साथ रहे। सुभाष प्रकाश को 4 दिन पहले ही 5 आरोपितों के साथ पकड़ा गया है। इस पड़ताल के बीच में ही नीट पेपर लीक करने का मामला तूल पकड़ गया। राजनैतिक गलियारे में भी नीट पेपर सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है। यही वजह है कि इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई।
ये भी पढ़ें : UP Weather : यूपी में मॉनसून दे दी दस्तक, तेज हवाओं और बारिश ने बदला अपना रुख
CBI सूत्रों के मुताबिक रवि अत्री व डॉ. शरद कुमार सिंह इससे पहले भी जेल जा चुके है। इन लोगों ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में धांधली करायी। इस आरोप में इन लोगों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज हुए। CBI के संज्ञान में यह आते ही उसकी एक टीम इसको लेकर सक्रिय हो गई। इन दोनों आरोपितों को सीबीआई ने पुराने मुकदमों का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया। साथ ही यह भी पता किया है कि आरओ भर्ती परीक्षा में इनके गिरोह में कितने और कौन लोग थे। साथ ही मेडिकल प्रवेश परीक्षा पेपर लीक (NEET Paper Leak) मामले में पहले जेल गये रवि व डॉ. शरद के साथ कौन लोग शामिल थे। कहीं दोनों गिरोह के कई सदस्य एक ही तो नहीं है।


