उत्तर प्रदेश और देशभर में इस वक्त पेपर लीक का मामला जबर्दस्त चर्चा का विषय बना हुआ हैं। नीट और नेट जैसी परीक्षाओं में भी गड़बड़ियों के संकेत मिले हैं और सरकार जांच की प्रकिया अभी जारी है। विपक्ष संसद में मोदी सरकार पर हमलावर है, तो वहीं यूपी की योगी सरकार भी एक सियासी चक्रव्यूह में फंसी हुई है।
उत्तर प्रदेश में सियासी पेच की वजह बने हैं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के विधायक बेदीराम। राजभर के विधायक बेदीराम का एक वीडियो पिछले दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वो कथित तौर पर पेपर लीक की डील और पैसों के लेन-देन की बात करते हुए नजर आ रहे हैं।
विधायक बेदीराम फिलहाल इसपर कुछ बोल नहीं रहे हैं, लेकिन सियासी फजीहत शुरू है। ओम प्रकाश राजभर भी इस मामले पर खामोश हैं और सवाल पूछे जाने पर कह दे रहे हैं कि बेदीराम से पूछिए।
राजभर ने 27 जून को लोक भवन में सीएस मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात
बताया जा रहा है कि सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर आज 28 जून शुक्रवार को अचानक दिल्ली पहुंच गए हैं। सूत्रों के अनुसार बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने ओपी राजभर को तलब किया है। सूत्रों का दावा है कि राजभर को बेदीराम वाले मामले में ही बुलाया गया है। इससे पहले ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार 27 जून को लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि बेदी राम मामले को लेकर उत्तर प्रदेश से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपने बेटे अरविंद राजभर के साथ ओम प्रकाश राजभर दिल्ली पहुंचे हैं।
विधायक बेदी राम के पेपर लीक से जोड़ा नाम
विधायक बेदी राम के नाम से पेपर लीक का जोड़ा जाना यह कोई नई बात नहीं है। इनका नाम पहले भी कई बार पेपर लीक में आ चुका है और उनके खिलाफ केस भी दर्ज भी किया गया हैं। बेदी राम के एफिडेविट यानी शपथपत्र के मुताबिक उनपर कुल 9 केस दर्ज हैं, जिसमें से 8 केस पेपर लीक को लेकर हैं।
बेदी राम के खिलाफ राजस्थान, मध्य प्रदेश और यूपी में केस दर्ज हैं। इन राज्यों में रेलवे और पुलिस भर्ती पेपर लीक को लेकर बेदी राम पर आरोप हैं।
बता दें कि जयपुर में साल 2009 में एसओजी ने रेलवे भर्ती पेपर लीक के मामले में बेदी राम पर केस दर्ज किया। इसके बाद मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग पेपर लीक के मामले में एसटीएफ भोपाल ने बेदी राम के खिलाफ केस दर्ज किया। भोपाल एसटीएफ ने बेदी राम के खिलाफ दो केस दर्ज किए। बेदी राम के ऊपर गैंगस्टर एक्ट भी साल 2006 में लग चुका है। तब रेलवे पेपर लीक करवाने के मामले में लखनऊ के कृष्ण नगर में बेदी राम के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगा था।


