Prayagraj News : शनिवार को प्रयागराज से वाराणसी लौट रही रोडवेज की बस एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। यह हादसा वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित लहरतारा चौराहे के समीप हुआ। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी मालवाहक ऑटो में टक्कर मारते हुए एक पैदल जा रही महिला को कुचलते हुए एक विशाल नीम के पेड़ से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बस का चालक भी सीट पर अचेत हो गया।
हादसे का कारण और घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक, रोडवेज की बस प्रयागराज से वाराणसी आ रही थी। बस को प्रयागराज निवासी आलोक कुमार तिवारी चला रहे थे। जैसे ही बस लहरतारा चौराहे के पास पहुंची, अचानक बस अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक अचानक से अचेत हो गया, जिसके कारण बस की गति तेज हो गई। बस के पास बैठे एक यात्री ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन गलती से स्लेटर दबा दिया, जिससे बस की रफ्तार और बढ़ गई। इसके बाद बस ने सड़क किनारे खड़ी मालवाहक ऑटो में टक्कर मारी और वहां पैदल जा रही 24 वर्षीय महिला लक्ष्मी देवी को रौंदते हुए एक विशाल नीम के पेड़ से जा टकराई।
महिला की मौत और घटनास्थल पर अफरातफरी
महिला की पहचान लक्ष्मी देवी के रूप में हुई, जो कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया सरैयां की निवासी थी। हादसे के बाद महिला को शिव प्रसाद गुप्त अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पेड़ जड़ से उखड़कर बस के साथ कुछ फीट दूर तक जा लटक गया, जिससे हाईटेंशन तार भी पेड़ पर लटक गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। घटनास्थल पर करीब 30 यात्री सवार थे, जिन्हें आसपास के लोगों ने सुरक्षित रूप से बस से बाहर निकाला।
पुलिस की कार्रवाई और जाम की स्थिति
घटना (Prayagraj News) के बाद जीटी रोड पर भारी जाम लग गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर यातायात निरीक्षक जितेंद्र यादव, मडुवाडीह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय और लहरतारा चौकी इंचार्ज पवन कुमार यादव पहुंचे। उन्होंने रूट डायवर्जन कर जाम से निजात दिलाई। पुलिस ने हादसे की जांच के बाद बस के चालक आलोक कुमार तिवारी को हिरासत में ले लिया। मडुवाडीह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय के मुताबिक, बस के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ है।
ये भी पढ़ें : UP Weather News : यूपी में ठंड का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया कोहरे का अलर्ट


